Jalaun News: छेड़खानी मामले की जांच कर रहे दारोगा जी पीड़ित महिला को भेजने लगे हाय-हैलो के मैसेज, आईजी ने किया सस्पेंड
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के उरई से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस कंधे पर सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, वही अब परेशानी का सबब बन गया। दरअसल, छेड़छाड़ के एक मामले की जांच कर रहे दारोगा जी पीड़ित महिला को ही व्हाट्सएप पर सुबह-शाम ‘हाय-हैलो’ के मैसेज भेजने लगे। मामला जब झांसी रेंज के आईजी तक पहुंचा, तो उन्होंने बिना देर किए दारोगा को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया।
झांसी रेंज के आईजी आकाश कुलहरि इन दिनों जालौन जिले के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शुक्रवार सुबह जब वे उरई कोतवाली में बैठकर जनता की फरियाद सुन रहे थे, तभी एट थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला अपनी शिकायत लेकर उनके सामने पहुंची। महिला ने बताया कि उसने अपने देवर के खिलाफ छेड़खानी और पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। इस केस की जांच (विवेचना) एट थाने में तैनात दारोगा नरेंद्र सिंह को सौंपी गई थी।
पीड़ित महिला ने आईजी के सामने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि जब भी वह केस की जानकारी लेने के लिए दारोगा को फोन करती, तो वे कोई सही जवाब नहीं देते थे। उल्टा, दारोगा नरेंद्र सिंह ने उसे व्हाट्सएप पर परेशान करना शुरू कर दिया। वे उसे सुबह-शाम “हाय…हैलो” के मैसेज भेजते थे, जो किसी भी जांच अधिकारी की मर्यादा के खिलाफ था।
आईजी ने मौके पर ही सुनाया फैसला
महिला की शिकायत और दारोगा की इस हरकत को गंभीरता से लेते हुए आईजी आकाश कुलहरि ने नाराजगी जताई। उन्होंने अनुशासनहीनता और पद के दुरुपयोग के आरोप में दारोगा नरेंद्र सिंह को तुरंत निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। आईजी ने साफ कर दिया कि पीड़ितों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Also Read: T20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड का ऐलान आज, चयन से पहले इन 5 बड़े सवालों पर टिकी नजरें

