डिप्रेशन को हराकर ‘डिजिटल उद्यमी’ बने मुजाहिद शेख, योगी सरकार की इस योजना ने बदली किस्मत
Sandesh Wahak Digital Desk: जब रास्ते बंद नजर आने लगते हैं, तब या तो इंसान टूट जाता है या इतिहास रचता है। लखीमपुर खीरी के मुजाहिद शेख ने दूसरा रास्ता चुना। 3 साल तक डिप्रेशन, आर्थिक तंगी और सामाजिक उपेक्षा का शिकार रहे मुजाहिद आज उत्तर प्रदेश सरकार की ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के पोस्टर बॉय बन चुके हैं। उनकी कहानी संघर्ष से सफलता तक के उस विजन की मिसाल है, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के लिए बुना है।
गिरती आय और डिप्रेशन का काला दौर
मुजाहिद का परिवार पूरी तरह खेती पर निर्भर था। बढ़ती लागत और घटती आमदनी ने उन्हें मानसिक तनाव में धकेल दिया। डिप्रेशन के उस दौर में समाज ने भी साथ देने के बजाय तानों से उनका आत्मविश्वास तोड़ दिया। लेकिन सही काउंसलिंग और इलाज के बाद उन्होंने वापसी की ठानी। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती थी आजीविका।
मुजाहिद के जीवन में निर्णायक मोड़ तब आया जब उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिली। सरकार की इस योजना ने उनकी सबसे बड़ी बाधा ‘गारंटी’ को खत्म कर दिया। बिना किसी ब्याज और गारंटी के मिले ऋण ने मुजाहिद के मन से आर्थिक जोखिम का डर निकाल दिया। जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने मुजाहिद का मार्गदर्शन किया और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
डिजिटल इंडिया को गांव तक पहुंचाया
ऋण मिलने के बाद मुजाहिद ने ‘एमएसओ इंटरप्राइजेज’ (MSO Enterprises) की नींव रखी और गांव में डिजिटल क्रांति की शुरुआत की। ऑफलाइन व्यापारियों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ना शुरू किया। थायरोकेयर की फ्रेंचाइजी ली और ब्लड सैंपल कलेक्शन का कोर्स किया। अब गांव के लोगों को घर बैठे पैथोलॉजी टेस्ट की सुविधा मिल रही है। अपने चैनल के माध्यम से वे युवाओं को सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
संघर्ष से सफलता तक की उपलब्धियां
मुजाहिद आज 400 से अधिक सेवाएं प्रदान कर रहे हैं और आसानी से अपने बैंक ऋण की किश्तें चुका रहे हैं। उन्होंने अपने तीनों बच्चों का दाखिला निजी स्कूल में कराया और परिवार को एक बेहतर जीवन दिया। वे गांव की लड़कियों के लिए निशुल्क डिजिटल लिटरेसी कोर्स शुरू करने की योजना बना रहे हैं।
“यदि सरकार ने युवाओं पर भरोसा न किया होता, तो मैं आज भी संघर्ष में फंसा रहता। योगी सरकार का आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का सपना मेरे जीवन में साकार हुआ है।”
मुजाहिद शेख, युवा उद्यमी
Also Read: भट्टा विनियमन का ‘यूपी मॉडल’ सफल, समितियों ने वसूली रिकॉर्ड आय, पर्यावरण संरक्षण में भी अव्वल

