‘नीले कपड़े पहनाकर BSP जैसा दिखा सकते हैं, चरित्र कैसे बदलोगे, चंद्रशेखर आजाद का सपा पर तंज
Chandrashekhar Azad: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी के छात्र संगठन की नीले रंग की ड्रेस को लेकर निशाना साधा। सीतापुर की मिश्रिख विधानसभा सीट पर सामाजिक न्याय कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा, “नीले कपड़े पहनाकर उन्हें बीएसपी कार्यकर्ताओं जैसा दिखा सकते हैं, लेकिन उनका चरित्र कैसे बदलेंगे?”
चंद्रशेखर ने बसपा प्रमुख मायावती को अपना नेता बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों के शोषण के खिलाफ आवाज नहीं उठाने की वजह से दलित वोट बसपा से दूर हुए। उन्होंने 2027 में आजाद समाज पार्टी के समर्थन की अपील की और सपा व भाजपा पर एक ही दिशा में काम करने का आरोप लगाया।
सपा-भाजपा पर भी लगाए आरोप
चंद्रशेखर ने कहा कि सपा सरकार के दौरान दलित महापुरुषों के नाम पर रखे गए जिलों के नाम बदले गए थे। उन्होंने संत रविदास नगर, कांशीराम नगर, महामाया और ज्योतिबा फुले नगर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार भी जिलों के नाम बदल रही है।
उन्होंने दावा किया कि सत्ता में आने पर उनकी पार्टी कमजोर वर्गों के शोषण को रोकने के लिए कदम उठाएगी। शराबबंदी लागू करने, बेहतर शिक्षा के लिए स्कूल खोलने और सरकारी अस्पतालों की सुविधाएं सुधारने की बात भी कही।
23 सितंबर को दिल्ली में आंदोलन
चंद्रशेखर ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी ने जेन-जी आंदोलन का समर्थन किया है और 23 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण, अधिकार और सामाजिक न्याय को लेकर प्रदर्शन करेगी। इसे उन्होंने ‘संपूर्ण भागीदारी आंदोलन’ नाम दिया।
उन्होंने कहा कि 24 सितंबर को पूना पैक्ट दिवस के मौके पर देशभर में बाबा साहब अंबेडकर और पूना पैक्ट से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। चंद्रशेखर के मुताबिक, यूपी की 45 विधानसभा सीटों के उम्मीदवार तय किए जा चुके हैं। शनिवार को अयोध्या और रविवार को बस्ती में कार्यकर्ता सम्मेलन होगा।

