अडियाला जेल के बाहर इमरान खान की बहनों का डेरा, भाई से मिलने न देने पर फैक्ट्री नाका पर दिया धरना
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब उनके परिवार और जेल प्रशासन के बीच टकराव और बढ़ गया है। मंगलवार को इमरान खान की तीनों बहनें अलीमा खान, नोरीन खान नियाजी और उज्मा खान रावलपिंडी के फैक्ट्री नाका के पास धरने पर बैठ गईं। उनके इस गुस्से की वजह यह है कि उन्हें जेल में बंद अपने भाई से मिलने की इजाजत नहीं दी गई।
धरने के दौरान मीडिया से बात करते हुए अलीमा खान ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर मंगलवार को कोई न कोई बहाना बनाकर उन्हें इमरान खान से मिलने से रोकता है। अलीमा ने दावा किया कि इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को जेल में ‘एकांत कारावास’ (Solitary Confinement) में रखा गया है, जो किसी मानसिक यातना से कम नहीं है।
इस धरने में केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के वरिष्ठ नेता जुनैद अकबर और मुश्ताक गनी भी शामिल हुए। अलीमा खान ने चेतावनी देते हुए कहा कि इमरान खान ने जेल से ही बड़े विरोध प्रदर्शनों की तैयारी के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि एक बार जब आंदोलन शुरू हो जाएगा, तो पार्टी में कोई भी व्यक्ति सरकार से बातचीत की पैरवी नहीं करेगा।
रावलपिंडी में भारी सुरक्षा, छावनी में बदला इलाका
PTI के विरोध प्रदर्शनों और अन्य राजनीतिक सभाओं की आहट को देखते हुए रावलपिंडी प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। 1,300 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एलीट फोर्स कमांडो के 7 सेक्शन और एंटी-रायट्स विंग के 400 जवान अलर्ट पर हैं। अडियाला जेल जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा घेरा इतना सख्त है कि परिंदा भी पर न मार सके।
Also Read: Codeine Cough Syrup मामले में योगी सख्त, सरगना पर 50 हजार का इनाम, LON जारी

