बीएमसी चुनाव के लिए उद्धव और राज ठाकरे आए साथ, गठबंधन का किया ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आगामी चुनावों से पहले महाराष्ट्र की सियासत में जबरदस्त हलचल मच गई है। बरसों के इंतजार और राजनीतिक मतभेदों के बाद आखिरकार उद्धव ठाकरे (शिवसेना यूबीटी) और राज ठाकरे (मनसे) ने हाथ मिला लिया है। इस गठबंधन के आधिकारिक ऐलान के साथ ही दोनों भाइयों ने साथ मिलकर बालासाहेब ठाकरे को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसे मुंबई की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है।

गठबंधन के बाद शिवसेना (UBT) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सत्ताधारी महायुति सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, पिछले साढ़े तीन सालों से बीएमसी के चुनाव नहीं कराए गए हैं। इस दौरान जनता का पैसा बुरी तरह लूटा गया और विकास के काम ठप पड़े हैं। हम इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के लिए राजनीति केवल सत्ता पाने का जरिया है, जबकि ठाकरे परिवार के लिए यह सेवा का माध्यम है।

दूसरी तरफ, इस गठबंधन पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री संजय शिरसाट ने तीखा तंज कसा है। उन्होंने इसे उद्धव ठाकरे की मजबूरी बताते हुए कहा, हाल के चुनावों में मिली हार के बाद उन्हें अब किसी न किसी के सहारे की जरूरत है। कांग्रेस और शरद पवार अब उनके साथ उस तरह नहीं खड़े हैं, इसलिए उन्होंने राज ठाकरे का हाथ थामा है। यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे डूबते को तिनके का सहारा होता है। शिरसाट ने दावा किया कि 2026 के नगर निगम चुनाव में इस गठबंधन का कोई खास असर नहीं पड़ेगा।

Also Read: Bareilly News: अशरफ के साले का करीबी लल्ला गद्दी अब माफिया घोषित, 24 घंटे रहेगी पुलिस की नजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.