विकास दुबे पर बनी वेब सीरीज UP 77 पर छिड़ा कानूनी संग्राम, पत्नी ऋचा दुबे पहुँचीं कोर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सबसे चर्चित गैंगस्टरों में से एक, विकास दुबे की कहानी अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आने के लिए तैयार है, लेकिन इसके रिलीज होने से पहले ही विवाद खड़ा हो गया है। विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे ने इस वेब सीरीज की रिलीज पर रोक लगाने की मांग को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।
ऋचा दुबे के वकील ने अदालत में दलील दी कि यह सीरीज उनके पति की निजी और शादीशुदा जिंदगी को उनकी अनुमति के बिना दिखाती है। उन्होंने कहा कि सीरीज के प्रोमो में इसे भारत का सबसे चर्चित एनकाउंटर बताया गया है। ऋचा दुबे का कहना है कि भले ही सीरीज में नाम ‘विकास’ की जगह ‘विशाल’ रखा गया हो, लेकिन हर कोई जानता है कि यह कहानी उनके परिवार से जुड़ी है, जिससे उनकी और उनके बच्चों की बदनामी होगी।
जस्टिस सचिन दत्ता की बेंच के सामने सीरीज के प्रोड्यूसर ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि यह सीरीज पब्लिक डोमेन (अखबारों और खबरों) में पहले से मौजूद जानकारी पर आधारित है। सीरीज का नाम अलग है और इसमें पात्रों के नाम भी बदले गए हैं। निर्माताओं ने कोर्ट को आश्वासन दिया कि वे एक डिस्क्लेमर (Disclaimer) दिखाएंगे, जिसमें यह साफ लिखा होगा कि यह कहानी पूरी तरह काल्पनिक है और इसका किसी वास्तविक व्यक्ति या घटना से कोई संबंध नहीं है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित
हाईकोर्ट ने फिलहाल सीरीज की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। कोर्ट ने प्रोड्यूसर को इस संबंध में एक हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है कि वे डिस्क्लेमर के जरिए याचिकाकर्ता की आशंकाओं को दूर करेंगे।
क्या था विकास दुबे मामला
जुलाई 2020 में कानपुर के बिकरू गांव में विकास दुबे और उसके साथियों ने 8 पुलिसकर्मियों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इसके बाद विकास फरार हो गया था और उसे मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था। उज्जैन से कानपुर लाते समय पुलिस की गाड़ी पलट गई थी, जिसके बाद भागने की कोशिश में विकास दुबे पुलिस मुठभेड़ (एनकाउंटर) में मारा गया था।
Also Read: बलरामपुर: पड़ोसी के घर में मिला किशोरी का खून से लथपथ शव, शरीर पर जलने के निशान; हत्या का आरोप

