Christmas पर कैथेड्रल चर्च पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रार्थना कर दिया सद्भाव का संदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: क्रिसमस (Christmas) के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह दिल्ली स्थित कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन पहुंचे, जहां उन्होंने ईसाई समुदाय के साथ प्रार्थना में भाग लिया। इस प्रार्थना सभा में दिल्ली और उत्तर भारत के ईसाई समुदाय के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के बिशप रेव्ह डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए विशेष प्रार्थना भी की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने प्रेम, शांति और करुणा के संदेश को क्रिसमस की मूल भावना बताया।
X पर साझा किया अनुभव
प्रार्थना में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि दिल्ली में कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में क्रिसमस (Christmas) की सुबह की प्रार्थना में हिस्सा लिया और इस सभा में प्रेम, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलका। उन्होंने यह भी कहा कि क्रिसमस की भावना समाज में सद्भाव और सद्भावना को प्रेरित करे। इससे पहले भी उन्होंने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि ईसा मसीह की शिक्षाएं समाज में सद्भाव को और मजबूत करती रहेंगी।
ईसाई समुदाय के कार्यक्रमों में लगातार भागीदारी
प्रधानमंत्री मोदी पिछले कुछ वर्षों से ईसाई समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों में नियमित रूप से भाग लेते रहे हैं। वर्ष 2023 में ईस्टर के अवसर पर उन्होंने दिल्ली के सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की थी। उसी वर्ष क्रिसमस (Christmas) पर उन्होंने अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर एक कार्यक्रम की मेजबानी भी की थी। वर्ष 2024 में उन्होंने मंत्री जॉर्ज कुरियन के आवास पर आयोजित डिनर में भाग लिया और कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार, यह ईसाई समुदाय के साथ उनके नियमित जुड़ाव को दर्शाता है।
अन्य नेताओं ने भी दीं क्रिसमस की शुभकामनाएं
क्रिसमस के मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी एक वीडियो संदेश साझा किया, जिसमें वह क्रिसमस ट्री के पास खड़े नजर आए। उन्होंने सभी को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह त्योहार लोगों के जीवन में खुशियां, आनंद और समृद्धि लाए तथा प्रेम और करुणा से भर दे। वहीं, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने भी X पर पोस्ट कर लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मसीह का संदेश मजबूत और अधिक देखभाल करने वाले समुदाय बनाने के लिए प्रेरित करता है और उनकी शिक्षाएं संबंधों को मजबूत कर स्थायी शांति को बढ़ावा देती हैं।
Also Read: मायावती के घर गूंजी किलकारी, भतीजे आकाश आनंद बने पिता, बसपा प्रमुख ने ट्वीट कर जाहिर की खुशी

