कर्नाटक के चित्रदुर्ग में बस बनी आग का गोला, 12 यात्री जिंदा जले
Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक (Karnataka) के चित्रदुर्ग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक लॉरी और प्राइवेट बस की टक्कर के बाद बस में आग लग गई, जिसमें 12 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 20 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें हिरियूर और चित्रदुर्ग के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कैसे हुआ हादसा?
बताया गया है कि प्राइवेट स्लीपर बस बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही थी। इसी दौरान हिरियूर से बेंगलुरु की ओर जा रही एक लॉरी के ड्राइवर ने लापरवाही से डिवाइडर पार कर लिया। सामने से आ रही बस से लॉरी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग भड़क उठी, जो बहुत तेजी से फैल गई। आग की चपेट में आने से कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। यह बस ‘सी बर्ड’ नाम की प्राइवेट सर्विस की बताई जा रही है। घटना के समय बस में कुल 32 यात्री सवार थे।

आग की चपेट में आई बस
टक्कर के बाद बस धूं-धूंकर जलने लगी और कुछ ही देर में पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हादसे के बाद का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस में लगी भीषण आग और आसपास मौजूद स्थानीय लोगों को देखा जा सकता है। गंभीर रूप से झुलसे कई घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
PM ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। इस घोषणा के बाद प्रशासन की ओर से राहत और उपचार कार्यों में तेजी लाई गई है।
वहीं हादसे में बस का ड्राइवर घायल हुआ है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बस के कंडक्टर मोहम्मद सलीम को हल्की चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह सो रहे थे। अचानक तेज आवाज आई और खिड़की का शीशा टूट गया, जिसके बाद वह बस से बाहर गिर गए। उन्हें सिर्फ इतना ही याद है, इसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं है। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनके हाथ और पैर में चोट की पुष्टि हुई।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं इस भीषण हादसे को लापरवाही का मामला बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: Christmas पर कैथेड्रल चर्च पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रार्थना कर दिया सद्भाव का संदेश

