पूर्व CSK स्टार बल्लेबाज ने रचा इतिहास, लगातार 5 शतकों के साथ की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

Sandesh Wahak Digital Desk: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में विदर्भ के बल्लेबाज ध्रुव शोरे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है।

26 दिसंबर को खेले गए मुकाबले में विदर्भ ने हैदराबाद को 89 रनों से शिकस्त दी। इस मैच में ध्रुव शोरे ने 109 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

ध्रुव शोरे की यह पारी न सिर्फ टीम की जीत में निर्णायक रही, बल्कि इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

Dhruv Shorey

लगातार 5 शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी

ध्रुव शोरे ने लिस्ट-A क्रिकेट में लगातार पांच पारियों में शतक जड़ने का कारनामा कर दिखाया है। इसके साथ ही उन्होंने तमिलनाडु के एन जगदीशन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

एन जगदीशन विजय हजारे ट्रॉफी 2022-23 में लगातार पांच शतक लगाने वाले लिस्ट-A क्रिकेट इतिहास के पहले बल्लेबाज बने थे। अब इस सूची में ध्रुव शोरे भी उनके साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

ध्यान देने वाली बात यह है कि ध्रुव शोरे इससे पहले IPL में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।

जगदीशन की ऐतिहासिक पारी अब भी बरकरार

एन जगदीशन ने 2022-23 सीजन में विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान 277 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी, जो आज भी लिस्ट-A क्रिकेट में किसी बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।

इन दिग्गजों ने लगाए हैं लगातार 4 शतक

लिस्ट-A क्रिकेट में लगातार चार शतक लगाने का कारनामा कुमार संगाकारा, करुण नायर, देवदत्त पडिक्कल और अल्वीरो पीटरसन कर चुके हैं।

इनमें कुमार संगाकारा ऐसे एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी लगातार चार मैचों में शतक लगाए थे।

ग्रुप B में विदर्भ की स्थिति

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में विदर्भ की टीम ग्रुप B में शामिल है। टीम ने अब तक खेले गए दो मैचों में एक जीत दर्ज की है और अंक तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है।

हैदराबाद के खिलाफ इस मुकाबले में विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 365 रन बनाए थे, जिसके जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 276 रनों पर सिमट गई।

ध्रुव शोरे की इस शानदार फॉर्म ने न सिर्फ विदर्भ की उम्मीदों को मजबूती दी है, बल्कि भारतीय घरेलू क्रिकेट में उन्हें एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Also Read: Vijay Hazare Trophy: विराट कोहली को आउट करने वाले गेंदबाज को मिला खास तोहफा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.