Lucknow News: ऐतिहासिक आर्ट गैलरी के साथ मनाया गया कांग्रेस का स्थापना दिवस, अजय राय बोले- 2027 में यूपी में फहराएगा पार्टी का परचम
Lucknow News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय पर आयोजित इस भव्य समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शिरकत की। नेताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद अजय राय ने ध्वजारोहण कर सभी कांग्रेसजनों को संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की शपथ दिलाई।
स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए मुख्यालय परिसर में एक भव्य आर्ट पिक्चर गैलरी की प्रदर्शनी लगाई गई। इस गैलरी के माध्यम से आजादी के पहले और बाद के कांग्रेस अधिवेशनों, पार्टी के उद्देश्यों और बलिदान देने वाले महापुरुषों के इतिहास को तस्वीरों के जरिए प्रदर्शित किया गया। अविनाश पाण्डेय ने इस प्रदर्शनी की जमकर तारीफ की और इसे ‘मास्टर पीस’ बताते हुए निर्देश दिया कि ऐसी प्रदर्शनी प्रदेश के सभी 18 मंडलों में लगाई जाए।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कहा, कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश की आत्मा और विचारधारा है। इसी पार्टी ने आजादी दिलाई और लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी। हमारा इतिहास त्याग और जनसेवा का है।
मिशन 2027 और रैलियों का आगाज
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश का यह संदेश पूरे देश में जाना चाहिए कि कांग्रेस कार्यकर्ता अब पूरी ताकत से उठ खड़ा हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 का साल कांग्रेस का होगा और इसके लिए जल्द ही पूरे प्रदेश में बड़ी रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
प्रमुख वक्ताओं ने साधा भाजपा पर निशाना
प्रदीप नरवाल (राष्ट्रीय सचिव): उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान को महत्व दिया है, जबकि आज भाजपा इसे समाप्त करना चाहती है।
डॉ. अशोक पाण्डेय (प्रसिद्ध लेखक): उन्होंने अहिंसा के सिद्धांत पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस ने सबको मिलाकर ‘भारतीय’ बनाया। उन्होंने तंज कसा कि मोदी जी ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ की बात इसलिए करते हैं क्योंकि वे कांग्रेस की लोकप्रियता से डरते हैं।
एच.एल. दुसाध (दलित चिंतक): उन्होंने वर्तमान सरकार में बढ़ती आर्थिक असमानता को देश की सबसे बड़ी समस्या बताया।
Also Read: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश की आत्मा है: काजी सुहेल

