खालिदा जिया के जनाजे में शामिल होने ढाका पहुंचे एस जयशंकर, तारिक रहमान को सौंपा पीएम मोदी का शोक संदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया का बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जा रहा है। उनके पार्थिव शरीर को ढाका के शेर-ए-बांग्ला नगर स्थित ‘जिया उद्यान’ में उनके दिवंगत पति और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की कब्र के बगल में दफनाया जाएगा। दोपहर 2 बजे मानिक मिया एवेन्यू में उनकी ‘नमाज-ए-जनाजा’ अदा की जाएगी, जिसमें शामिल होने के लिए पूरे देश से लाखों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है।
भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर विशेष रूप से ढाका पहुंचे हैं। उन्होंने खालिदा जिया के बेटे और बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शोक संदेश सौंपा। भारत ने खालिदा जिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए लोकतंत्र में उनके योगदान को याद किया। साथ ही, भारत ने फरवरी 2026 में होने वाले आगामी चुनावों के माध्यम से बांग्लादेश में लोकतांत्रिक स्थिरता और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद जताई है।
विदेशी मेहमानों का जमावड़ा
खालिदा जिया को श्रद्धांजलि देने के लिए कई पड़ोसी देशों के प्रतिनिधि भी ढाका पहुंचे हैं।
पाकिस्तान: नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज सादिक आज सुबह ढाका पहुंचे।
नेपाल: विदेश मंत्री बाला नंद शर्मा भी अपनी सरकार की ओर से राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ढाका में मौजूद हैं।
आज सुबह करीब 11 बजे खालिदा जिया का पार्थिव शरीर राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर कड़ी सुरक्षा के बीच गुलशन एवेन्यू से मानिक मिया एवेन्यू लाया गया। पूरे रास्ते में हजारों समर्थकों की भीड़ अपनी नेता की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेना, पुलिस, रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की भारी तैनाती की गई है।
Also Read: Lucknow News: कबाड़ी को बेची गई प्राइमरी स्कूलों के बच्चों की किताबें, बीईओ ने की जांच

