1 जनवरी से लागू होंगे ये 5 बड़े बदलाव, कर्मचारियों की बढ़ेगी सैलरी
Sandesh Wahak Digital Desk: 2026 का सूरज उगते ही देश में कई नए नियम और व्यवस्थाएं लागू हो जाएंगी। इनमें सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है, तो वहीं कुछ जरूरी काम न निपटाने वालों के लिए चेतावनी भी। आइए जानते हैं क्या हैं वे मुख्य बदलाव:
1. 8वां वेतन आयोग (8th Pay Commission) होगा लागू
नए साल का सबसे बड़ा तोहफा केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए है। एक जनवरी 2026 से 8वां वेतन आयोग लागू हो जाएगा। इससे करीब 50 लाख कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनभोगियों की चांदी होने वाली है। अनुमान है कि इससे वेतन और पेंशन में 20 से 35 प्रतिशत तक का तगड़ा उछाल देखने को मिलेगा।
2. हर हफ्ते अपडेट होगा आपका क्रेडिट स्कोर
अगर आप लोन लेने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है। अब तक आपका क्रेडिट स्कोर महीने में एक बार अपडेट होता था, लेकिन अब यह हर 7 दिन में अपडेट होगा। इसका फायदा यह है कि अगर आप अपनी EMI समय पर भरते हैं, तो आपका स्कोर तुरंत सुधरेगा और बैंक से लोन मिलना आसान हो जाएगा।
3. किसानों के लिए किसान आईडी अनिवार्य
पीएम किसान योजना का लाभ लेने वाले किसानों के लिए अब डिजिटल किसान आईडी जरूरी होगी। यूपी, बिहार और एमपी जैसे राज्यों में यह सिस्टम 1 जनवरी से अनिवार्य हो रहा है। इसमें किसान की जमीन, फसल और बैंक खातों का पूरा ब्योरा होगा। अगर आपके पास यह आईडी नहीं है, तो सालाना मिलने वाली ₹6,000 की मदद रुक सकती है।
4. CNG-PNG के घट सकते हैं दाम
महंगाई के मोर्चे पर राहत मिल सकती है। नए टैरिफ नियमों के चलते सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) की कीमतों में ₹2 से ₹3 प्रति यूनिट की कमी आने की उम्मीद है। साथ ही, एलपीजी गैस सिलेंडर और हवाई ईंधन के दामों में भी महीने की पहली तारीख को बदलाव देखने को मिल सकता है।
5. ‘पैन-आधार’ लिंक नहीं तो फंसेगा काम
अगर आपने 31 दिसंबर, 2025 तक अपने पैन (PAN) को आधार से लिंक नहीं किया है, तो कल से आपका पैन कार्ड महज एक प्लास्टिक का टुकड़ा रह जाएगा। पैन कार्ड निष्क्रिय होने से न तो आप इनकम टैक्स रिटर्न भर पाएंगे और न ही बैंक में कोई बड़ा ट्रांजेक्शन कर सकेंगे।

