Lucknow News: नशे में धुत दरोगा ने बैरिकेडिंग तोड़ी, साथी पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश, DCP को धमकाया

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर नए साल की रात एक दरोगा ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। बात सिर्फ हंगामा करने तक नहीं रुकी, बल्कि आरोपी दरोगा ने ड्यूटी पर तैनात अपने ही साथियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और मौके पर पहुंचे डीसीपी (DCP) को ही देख लेने की धमकी दे डाली।

1 जनवरी की रात करीब 12:30 बजे, जब पुलिस हजरतगंज में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मुस्तैद थी, तभी सिविल ड्रेस में एक शख्स कार लेकर पहुंचा। ट्रैफिक डायवर्जन की वजह से जब पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया, तो कार सवार दरोगा भड़क गया। उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों को धमकाने लगा।

साथी दरोगा को कुचलने का प्रयास

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सवार दरोगा इतना गुस्से में था कि उसने इशारे के बावजूद गाड़ी नहीं रोकी। इस दौरान वहां तैनात दरोगा आशुतोष त्रिपाठी बाल-बाल बचे, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बाद आरोपी दरोगा कार लेकर महानगर की तरफ भागने लगा। रास्ते में जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने तेज रफ्तार कार सीधे पुलिस बैरिकेडिंग पर चढ़ा दी।

Lucknow Police New Year Ruckus

DCP से भिड़ गया नशेड़ी दरोगा

मौके पर अफरा-तफरी मची तो डीसीपी को बुलाना पड़ा। जब डीसीपी ने आरोपी से पूछताछ शुरू की, तो नशे में धुत दरोगा अपनी सुध-बुध खो चुका था। उसने डीसीपी को पहचाने बिना ही उनसे नोकझोंक शुरू कर दी और चिल्लाकर बोला- तुम्हें देख लूंगा! जैसे ही डीसीपी ने अपनी पहचान बताई, दरोगा के नशे का खुमार पल भर में उतर गया। वह गिड़गिड़ाने लगा और माफी मांगने लगा, लेकिन मामला हाथ से निकल चुका था।

डीसीपी के आदेश पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हंगामा कर रहे दरोगा को काबू में किया और उसे घसीटते हुए पुलिस जीप में डालकर हजरतगंज कोतवाली ले गए। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की जान जोखिम में डालने और अनुशासनहीनता के मामले में आरोपी दरोगा के खिलाफ सख्त से सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: पडरौना: अलाव की आग से शोला बनी महिला, देवदूत बनकर आई युवती ने जान पर खेलकर बचाई जिंदगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.