चलती ट्रेन में 1 किलो सोना लूटने वाले GRP थानेदार गिरफ्तार, 4 जवान भी सस्पेंड
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस खुद लूटपाट की मास्टरमाइंड निकली। पटना रेल एसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गया रेल थाना (GRP) के थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस में एक कारोबारी के कर्मचारी से करीब 1 करोड़ 44 लाख रुपये का सोना लूटा था।
यह फिल्मी कहानी जैसा लगने वाला मामला 21 नवंबर का है। 22307 हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस में धनंजय शाश्वत नाम का शख्स सोना लेकर सफर कर रहा था। गया जंक्शन पहुँचने से पहले ही जीआरपी के जवानों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि पुलिसवालों ने उसके साथ मारपीट की और डरा-धमकाकर 1 किलो सोना लूट लिया। यही नहीं, जुल्म की हद तो देखिए लूटने के बाद पुलिसकर्मियों ने पीड़ित को धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो बुरा होगा, और फिर जबरन उसका टिकट कटाकर उसे ट्रेन में बैठा दिया।
जांच में खुली वर्दी के पीछे की पोल
जब 29 नवंबर को इस मामले की एफआईआर दर्ज हुई, तो पटना रेल एसपी ने तीन डीएसपी की एक एसआईटी (SIT) टीम बनाई। जांच टीम ने जब मोबाइल टावर लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। वारदात के समय थानाध्यक्ष और उनके जवान उसी लोकेशन पर थे। सबूत मिलते ही बुधवार को थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है। इस लूट में शामिल अन्य 4 जवान करन कुमार, अभिषेक चतुर्वेदी, रणंजय कुमार और आनंद मोहन फिलहाल फरार हैं। उनके साथ एक पूर्व ड्राइवर सीताराम और एक अन्य आरोपी परवेज आलम की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
Also Read: Lucknow News: मोबाइल गोदाम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, धुएं के गुबार से सहमे लोग

