Bijnor News: शॉपिंग करने आई नाबालिग के गर्दन पर चाकू रखकर बनाया बंधक, वीडियो वारयल
Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के नजीबाबाद कस्बे में बुधवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाजार में कपड़ों की सेल के दौरान एक सिरफिरे युवक ने नाबालिग बच्ची को चाकू दिखाकर बंधक बना लिया। घटना शाम करीब सात बजे की है। बच्ची अपनी एक सहेली के साथ बाजार में कपड़े खरीदने आई थी।
दुकान में अचानक घुसा नकाबपोश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों नाबालिग बच्चियां एक दुकान पर कपड़े देख रही थीं, तभी अचानक एक नकाबपोश युवक वहां पहुंचा और एक बच्ची के गले पर चाकू रख दिया। युवक ने बच्ची को जान से मारने की धमकी देते हुए पैसों की मांग शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से दुकान के अंदर हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे।
जब लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने बच्ची के गले पर चाकू और कसकर रख दिया और उसे मारने की धमकी देने लगा। हालात लगातार बिगड़ते देख तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। नए साल के चलते शहर में गश्त पर निकली पुलिस फोर्स को जैसे ही जानकारी मिली, बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए।
यूपी के बिजनौर में दिनदहाड़े सनसनी..!
कपड़ों की दुकान में घुसकर एक युवक ने युवती को बंधक बना लिया…!
गले पर चाकू रखकर ₹1 लाख की मांग की गई..!करीब 30 मिनट तक बाजार में हड़कंप मचा रहा।
मौके पर भारी भीड़ जुट गई, पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला..! pic.twitter.com/JmA5BMnxyd— Rahul Saini (@JtrahulSaini) January 1, 2026
दबोचा गया आरोपी
पुलिस ने पहले आरोपी युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह बच्ची को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुआ, तो पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उसे काबू में कर लिया। पुलिसकर्मियों ने आरोपी के हाथ से चाकू छीना और बच्ची को सुरक्षित बंधन मुक्त कराया। इसके बाद आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
नजीबाबाद के सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक बाराबंकी जिले का रहने वाला है और अपना नाम अजीत बता रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी का व्यवहार असामान्य प्रतीत हो रहा है। आरोपी का कहना है कि वह बाहर रहकर परेशान हो चुका था और जेल जाना चाहता था, इसलिए उसने इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि उसने बच्ची से पैसों की मांग भी की थी।
आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह बाराबंकी से नजीबाबाद क्यों आया था और इस घटना के पीछे उसका असली मकसद क्या था। नाबालिग बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: सपा की ‘बाटी-चोखा’ पॉलिटिक्स: नए साल पर अखिलेश ने सहभोज के जरिए साधा भाजपा पर निशाना

