लखनऊ मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर को मिली रफ्तार, बसंतकुंज योजना में 12.5 हेक्टेयर जमीन देगा LDA
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में मेट्रो के बहुप्रतीक्षित ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर (East-West Corridor) के निर्माण के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार और मेट्रो अधिकारियों के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में मेट्रो के अस्थायी कास्टिंग यार्ड (Casting Yard) और डिपो के लिए भूमि आवंटन पर सहमति बन गई है।

कास्टिंग यार्ड और डिपो के लिए जमीन का आवंटन
मेट्रो परियोजनाओं में भारी-भरकम पिलर और गर्डर बनाने के लिए कास्टिंग यार्ड की आवश्यकता होती है। बसंतकुंज योजना के सेक्टर-के में 6 हेक्टेयर और राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास स्थित अस्थायी पार्किंग की 6.5 एकड़ भूमि (कुल लगभग 12.5 हेक्टेयर) मेट्रो को हस्तांतरित की जाएगी। बसंतकुंज योजना के सेक्टर-ए के दक्षिणी भाग में लगभग 18 हेक्टेयर भूमि डिपो निर्माण के लिए चिह्नित की गई है।

मछली मंडी का होगा विस्थापन
डिपो के लिए चिह्नित भूमि में वर्तमान दुबग्गा मछली मंडी की जमीन भी शामिल है। एलडीए उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मछली मंडी को यहां से हटाकर आगरा एक्सप्रेस-वे पर प्रस्तावित वरुण विहार योजना में उतनी ही जमीन आवंटित की जाएगी, ताकि व्यापारियों को असुविधा न हो।
अन्य प्रमुख स्थानों का होगा सर्वे
मेट्रो अधिकारियों ने चौक, चारबाग और गौतम बुद्ध मार्ग जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी काम के लिए जमीन की मांग की है। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन प्रस्तावित जगहों का जल्द सर्वे कर एनओसी जारी की जाए। जिन जमीनों का स्वामित्व नगर निगम के पास है, उनके रिकॉर्ड एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर सचिव सी.पी. त्रिपाठी, मुख्य नगर नियोजक के.के. गौतम और मेट्रो के वरिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।
Also Read: 17 करोड़ के गहने और 6 करोड़ नकद जब्त, ED के हाथ लगा काली कमाई का जखीरा

