अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को बनाया बंधक, ट्रंप बोले- ऑपरेशन सफल, देश से बाहर ले जाए गए

Sandesh Wahak Digital Desk: शनिवार, 3 जनवरी 2026 की सुबह अंतरराष्ट्रीय राजनीति के इतिहास में एक बड़े मोड़ के रूप में दर्ज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि अमेरिकी सेना और कानून प्रवर्तन एजेंसियों (Law Enforcement) ने एक गुप्त ऑपरेशन के तहत वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए लिखा, अमेरिका ने वेनेजुएला और उसके नेता निकोलस मादुरो के खिलाफ एक बड़े पैमाने पर सफल हमला किया है। मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर देश से बाहर ले जाया गया है। यह ऑपरेशन अमेरिकी कानून प्रवर्तन के सहयोग से पूरा हुआ। पूरी जानकारी आज सुबह 11 बजे मार-ए-लागो में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी जाएगी।

हवाई हमलों से शुरू हुआ ऑपरेशन मादुरो

शनिवार तड़के काराकास में हुए जोरदार धमाकों की गुत्थी अब सुलझती नजर आ रही है। खबरों के मुताबिक, ट्रंप के आदेश पर अमेरिकी वायुसेना ने वेनेजुएला के प्रमुख सैन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए। इन हमलों का मकसद मादुरो की सुरक्षा घेरे को तोड़ना था। इसके तुरंत बाद जमीन पर मौजूद टीमों ने राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को अपने कब्जे में ले लिया।

वेनेजुएला ने मांगा जिंदा होने का सबूत

इधर, वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और उनकी पत्नी का कुछ पता नहीं चल रहा है। वेनेजुएला सरकार ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने अमेरिका से मांग की है कि वह मादुरो और उनकी पत्नी के सुरक्षित और जीवित होने का सबूत पेश करे।

क्यों हुई इतनी बड़ी कार्रवाई

अमेरिका और वेनेजुएला के बीच यह टकराव रातों-रात पैदा नहीं हुआ है।

ड्रग तस्करी के आरोप: अमेरिका लंबे समय से मादुरो पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी का आरोप लगाता रहा है।

समुद्री झड़पें: पिछले कुछ दिनों से कैरेबियन सागर में अमेरिकी सेना और वेनेजुएला के जहाजों के बीच लगातार झड़पें हो रही थीं।

सत्ता परिवर्तन की कोशिश: ट्रंप प्रशासन ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि वे मादुरो शासन को खत्म करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।

Also Read: जब डॉक्टर के हाथ में पर्चे की जगह RDX हो, तो समझो विवेक की कमी है: राजनाथ सिंह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.