Lucknow: पुलिस कमिश्नरेट का ‘क्लीन सिटी’ अभियान, 30 ठिकानों पर छापेमारी, ड्रग्स बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने अब तक का सबसे बड़ा और प्रभावी अभियान छेड़ा है। पुलिस आयुक्त (CP) अमरेंद्र कुमार सेंगर के कड़े रुख के बाद शहर के सभी 5 जोनों में मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ “सर्जिकल स्ट्राइक” जैसी कार्रवाई की गई है।

30 ठिकानों पर एक साथ ‘धावा’

5 जनवरी 2026 को लखनऊ पुलिस की एंटी नार्कोटिक्स टीम, स्वाट (SWAT) और स्थानीय थानों की संयुक्त टीमों ने शहर के चप्पे-चप्पे को खंगाला। कुल 30 संवेदनशील स्थानों (जैसे भरवारा क्रॉसिंग, फन मॉल, मड़ियांव पुल, सिंगापुर मॉल के पास) पर एक साथ छापेमारी की गई।

कार्रवाई के मुख्य आंकड़े

कुल छापेमारी: 30 स्थान

गिरफ्तारी: 06 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

बरामदगी: 5,678 ग्राम (करीब 5.5 किलो) मादक पदार्थ जब्त

चिन्हित संदिग्ध: 100 से ज्यादा लोगों को पुलिस रडार पर लिया गया है।

दर्ज FIR: विभूतिखंड, गोमतीनगर, गाजीपुर और मड़ियांव थानों में 4 मुकदमे दर्ज।

आम जनता की शिकायतों पर मिला ‘एक्शन’

पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों से मादक पदार्थों की बिक्री और युवाओं द्वारा इनके सेवन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार के पर्यवेक्षण में इंटेलिजेंस और एण्टी नारकोटिक्स फोर्स (ANTF) की मदद से पूरा नेटवर्क तैयार किया गया और फिर सटीक वार किया गया।

नेटवर्क की गहराई तक जाएगी पुलिस

पुलिस का कहना है कि यह केवल शुरुआत है। गिरफ्तार आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है ताकि ड्रग सप्लाई चेन के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचा जा सके। अभिसूचना संकलन के दौरान कई नए नाम और ठिकाने सामने आए हैं, जिन पर जल्द ही अगली कार्रवाई होगी।

लखनऊ में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगरवासियों से मिलने वाली हर शिकायत पर पुलिस त्वरित और सख्त कार्रवाई करेगी।

अमरेन्द्र कुमार सेंगर, पुलिस आयुक्त, लखनऊ

Also Read: सिद्धार्थनगर: भूख से तड़पते गौवंश, फूटी आंखें और गेट पर ताला; खेतवल मिश्र गौशाला की तस्वीरों ने झकझोरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.