IPL से बाहर होने के बाद PSL पहुंचे मुस्तफिजुर रहमान, सैलरी में आई भारी गिरावट

Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 से बाहर किए जाने के कुछ ही दिनों बाद बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का रुख कर लिया है।

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से रिलीज होने के बाद अब वह PSL में खेलते नजर आएंगे, जहां उन्हें आईपीएल की तुलना में काफी कम रकम मिलने की संभावना है।

IPL से बाहर, बदले हालात

मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।

Mustafizur Rahman

हालांकि, कुछ दिनों बाद परिस्थितियों के चलते उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। इसके बाद KKR ने आधिकारिक तौर पर उन्हें अपने स्क्वॉड से रिलीज कर दिया।

आठ साल बाद PSL में वापसी

आईपीएल से बाहर होने के बाद मुस्तफिजुर ने पाकिस्तान सुपर लीग जॉइन कर ली है। PSL के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए उनके लीग में शामिल होने की पुष्टि की गई।

खास बात यह है कि मुस्तफिजुर लगभग आठ साल बाद PSL में वापसी कर रहे हैं। इससे पहले वह लाहौर कलंदर्स की ओर से खेल चुके हैं।

PSL का ड्राफ्ट 21 जनवरी को प्रस्तावित है, जबकि लीग की शुरुआत 23 मार्च से होगी, जो आईपीएल शुरू होने से महज तीन दिन पहले है।

कमाई में बड़ा अंतर

आईपीएल और PSL के बीच सबसे बड़ा फर्क खिलाड़ियों की कमाई को लेकर है। जहां मुस्तफिजुर को आईपीएल में 9.20 करोड़ रुपये मिलने थे, वहीं PSL में उन्हें इससे कहीं कम रकम मिलने की उम्मीद है।

PSL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी डेविड वॉर्नर रहे हैं, जिन्हें करीब 2.70 करोड़ रुपये (भारतीय मुद्रा में) में खरीदा गया था। ऐसे में मुस्तफिजुर की सैलरी में बड़ी गिरावट तय मानी जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा मामला

मुस्तफिजुर के आईपीएल से बाहर होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भी कड़ा रुख अपनाया है। BCB ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को पत्र लिखकर टी20 वर्ल्ड कप से जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर अपनी चिंता जाहिर की है।

इसके साथ ही बांग्लादेश में आईपीएल मैचों के लाइव प्रसारण को लेकर भी सख्ती बरती गई है।

Also Read: Unnao News: राहुल वाजपेयी ने नेशनल पावर लिफ्टिंग में गाड़े झंडे, 200 किलो वजन उठाकर जीता मेडल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.