राष्ट्रीय शूटिंग कोच पर नाबालिग शूटर से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा पुलिस ने एक राष्ट्रीय स्तर के शूटिंग कोच के खिलाफ नाबालिग महिला शूटर के साथ दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज किया है।

पीड़िता एक राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी है और कथित घटना के समय उसकी उम्र 17 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना दिसंबर 2025 में फरीदाबाद के सूरजकुंड स्थित एक होटल में हुई। आरोप है कि कोच ने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के बाद प्रदर्शन समीक्षा के बहाने महिला खिलाड़ी को होटल बुलाया और कथित रूप से जबरन होटल के कमरे में ले जाकर उसका यौन शोषण किया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर कोच ने खिलाड़ी को उसका करियर बर्बाद करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज

पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाना, एनआईटी फरीदाबाद में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में आरोपी कोच के खिलाफ POCSO एक्ट की धारा 6 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस होटल और आसपास के CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

NRAI ने आरोपी कोच को किया सस्पेंड

पुलिस के मुताबिक आरोपी, नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) द्वारा नियुक्त 13 राष्ट्रीय पिस्टल कोचों में से एक है। मामला सामने आने के बाद NRAI ने आरोपी कोच को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

NRAI के महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा,

“जैसे ही हमें मीडिया के माध्यम से इस मामले की जानकारी मिली, हमने संबंधित कोच को सस्पेंड कर दिया और इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को सूचित किया है।

हालांकि, अभी तक शूटर की ओर से हमें आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।”

फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Also Read: Vijay Merchant Trophy: भारतीय क्रिकेट के भविष्य की दस्तक, 6 मैचों में 5 शतक जड़कर चमका नया नाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.