Lucknow News: अखिलेश यादव का आरोप, वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं PDA के नाम
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर वोटर लिस्ट को लेकर घमासान शुरू हो गया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर आरोप लगाया है कि वे चुनाव आयोग के साथ मिलकर विपक्षी वोटों को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया की निष्पक्षता पर बड़े सवाल खड़े किए हैं।
एक ही जिले से 3 लाख वोट कटे
अखिलेश यादव ने आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि केवल एक जिले में ही लगभग तीन लाख मतदाताओं के नाम लिस्ट से बाहर कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा, जिस तरह से वोट हटाए जा रहे हैं, उससे चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर गहरा संकट पैदा हो गया है। ऐसा लग रहा है कि सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वोटों को छांटने और सत्ता पक्ष के वोट बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।
SIR प्रक्रिया और सीएम के बयान पर घेरा
अखिलेश ने एसआईआर (SIR) अभ्यास के दौरान अधिकारियों की भूमिका पर संदेह जताया। उन्होंने कहा कि हालांकि सभी दलों ने अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) तैनात किए थे, लेकिन पर्दे के पीछे कुछ और ही चल रहा है। अखिलेश ने कहा कि अभी वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट भी जारी नहीं हुआ था और कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया था, उससे पहले ही मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से कह दिया कि 4 करोड़ वोट हटाए जाएंगे और वे सभी भाजपा के हैं।
सपा प्रमुख ने आशंका जताई कि पूरे प्रदेश में लगभग 3 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं, जो लोकतंत्र के लिए एक बड़ा खतरा है। अखिलेश यादव ने मांग की है कि चुनाव आयोग को स्पष्ट करना चाहिए कि इतनी बड़ी संख्या में नाम किस आधार पर हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर वोटर लिस्ट की जांच करें ताकि किसी भी पात्र नागरिक का वोट कटने न पाए।
Also Read: अब मतदाता सूची में सुधार के लिए बुक करें BLO के साथ कॉल

