पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस की दस्तक, दो नर्सों की हालत गंभीर, झारखंड में भी हाई अलर्ट जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस के संभावित खतरे ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। उत्तर 24 परगना जिले में संक्रमण की शिकार हुईं दो नर्सों की हालत नाजुक बनी हुई है। इनमें से एक नर्स फिलहाल कोमा में है, जबकि दूसरी वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
डॉक्टर में भी दिखे लक्षण, 45 लोग निगरानी में
संक्रमण का खतरा यहीं नहीं थमा है। इन नर्सों का इलाज कर रहे एक डॉक्टर में भी निपाह जैसे लक्षण पाए गए हैं, जिसके बाद उन्हें तुरंत उसी अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए ‘कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग’ शुरू कर दी है और नर्सों के संपर्क में आए 45 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों नर्स बारासात के एक ही अस्पताल में कार्यरत हैं। एक नर्स नदिया जिले की रहने वाली है, जबकि दूसरी पूर्वी बर्धमान के कटवा की है। नर्सों के सैंपल कल्याणी एम्स (AIIMS) भेजे गए थे, जहां शुरुआती जांच में निपाह संक्रमण के संकेत मिले हैं। बताया जा रहा है कि एक नर्स 31 दिसंबर को अपने घर कटवा से लौटी थी, जहां वह बीमार पड़ी। हालत बिगड़ने पर उसे बर्धमान मेडिकल कॉलेज और फिर स्पेशल एम्बुलेंस के जरिए बारासात लाया गया।
पश्चिम बंगाल में बढ़ते मामलों को देखते हुए पड़ोसी राज्य झारखंड ने भी कमर कस ली है। झारखंड स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी जिलों को निगरानी बढ़ाने और लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए हैं। निपाह वायरस की मृत्यु दर बहुत अधिक होती है, इसलिए केंद्र सरकार को भी इसकी तत्काल सूचना दी गई है।
Also Read: प्रतापगढ़: मेडिकल कॉलेज के स्वास्थ्य कर्मी ने खुद को मारी गोली, घर में मची चीख-पुकार

