यूपी के 6 जिलों को मिलेगी हाईटेक कोर्ट की सौगात, CJI सूर्यकांत और CM योगी ने किया एकीकृत न्यायालय परिसरों का शिलान्यास

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को चंदौली में प्रदेश के छह जिलों चंदौली, महोबा, अमेठी, शामली, हाथरस और औरैया में एकीकृत न्यायालय परिसरों (Integrated Court Complexes) का भव्य शिलान्यास किया।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं

शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए न्यायपालिका का सशक्त होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इन नए परिसरों को फ्यूचरिस्टिक डिजाइन के आधार पर बनाया जा रहा है। अब वकीलों को टूटे-फूटे चैंबरों में काम नहीं करना पड़ेगा। नए कॉम्प्लेक्स में आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त अधिवक्ता चैंबर होंगे। परिसर के भीतर ही न्यायिक अधिकारियों के लिए आवास, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, लाइब्रेरी, कैंटीन और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होगी। चंदौली जैसे जिलों में यह प्रोजेक्ट अप्रैल 2027 तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है।

1500 करोड़ का निवेश और विश्वस्तरीय निर्माण

इन छह न्यायालय परिसरों के निर्माण पर लगभग 1,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी विश्वविख्यात संस्था एलएंडटी को दी गई है ताकि गुणवत्ता और गति बनी रहे। अकेले चंदौली के अदालत परिसर की लागत करीब 236 करोड़ रुपये होगी, जिसमें 37 कोर्ट रूम बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार ने पहले चरण के लिए धनराशि जारी कर दी है और शेष चार अन्य जिलों के लिए भी औपचारिकताएं अगले कुछ महीनों में पूरी कर ली जाएंगी।

Also Read: PM मोदी ने पहली वंदे भारत स्लीपर को दिखाई हरी झंडी, अब रात का सफर होगा और भी आलीशान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.