बंगाल के गरीबों की दुश्मन है टीएमसी, अब यहाँ भी बहेगी विकास की गंगा: पीएम मोदी

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा से न केवल करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, बल्कि ममता सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला भी बोला। एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने टीएमसी सरकार को पत्थर दिल और निर्दयी करार देते हुए बंगाल से उनकी विदाई का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने सीधे तौर पर राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा, मैं चाहता हूँ कि बंगाल के हर बेघर के पास अपना पक्का घर हो, लेकिन यहाँ की सरकार बहुत निर्दयी है। केंद्र जो पैसा गरीबों के लिए भेजता है, उसे टीएमसी के लोग लूट लेते हैं। पीएम ने दुख जताते हुए कहा कि बंगाल देश का इकलौता राज्य है जहाँ गरीबों को 5 लाख तक के मुफ्त इलाज वाली आयुष्मान योजना का लाभ नहीं लेने दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि ऐसी ‘निर्मम’ सरकार का सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है।

पीएम मोदी ने महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के हालिया चुनाव नतीजों का जिक्र करते हुए भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता का दावा किया। उन्होंने कहा, कल ही महाराष्ट्र निकाय चुनाव के नतीजे आए हैं। दुनिया के सबसे बड़े नगर निगमों में से एक BMC में भाजपा ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। तिरुवनंतपुरम में भाजपा के पहले मेयर बनने का उदाहरण देते हुए पीएम ने कहा कि आज देश की युवा पीढ़ी यानी जेन-जी (Gen Z) भाजपा के सुशासन और विकास मॉडल पर पूरा भरोसा कर रही है।

पूर्वी भारत को नफरत की राजनीति से किया आजाद

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए पूर्वी भारत का विकास अनिवार्य है। उन्होंने ओडिशा, त्रिपुरा, असम और बिहार का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल की हर दिशा में अब भाजपा और एनडीए का सुशासन है। मैंने बिहार चुनाव की जीत के बाद ही कह दिया था कि अब बंगाल में भी विकास की गंगा बहेगी।

Also Read: भुवनेश्वर में अखिलेश यादव का ‘हेल्थ विजन’: बोले- यूपी में इमरजेंसी सेवाएं खुद इमरजेंसी में हैं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.