असम: पीएम मोदी का गुवाहाटी में 4 किमी लंबा रोड शो, बोडो संस्कृति के रंगों में रंगे नजर आए प्रधानमंत्री
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में चुनावी हुंकार भरने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम पहुंचे, जहाँ उनका अभूतपूर्व स्वागत किया गया। गुवाहाटी हवाई अड्डे पर उतरते ही पीएम मोदी ने अजारा तक 4 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान सड़कों के दोनों ओर जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा इलाका ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंज उठा।
चुनावी सरगर्मियों के बीच शक्ति प्रदर्शन
असम में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इस रोड शो को भाजपा के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। रोड शो के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहे। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता और भाजपा समर्थकों में प्रधानमंत्री को देखने के लिए भारी उत्साह नजर आया।
बोडो संस्कृति का दिखा अनूठा संगम
रोड शो के समापन के बाद प्रधानमंत्री गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम पहुंचे। यहाँ उन्होंने पारंपरिक बोडो सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बागुरुम्बा द्वौ’ में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री का स्वागत बोडो समुदाय की समृद्ध परंपराओं के अनुसार किया गया, जो असम की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बना।
सम्मान और सत्कार के खास पल
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री के नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने पीएम मोदी को विशेष उपहार भेंट कर सम्मानित किया, जिनमें शामिल थे।
बोडो समाज के महान नेता बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्मा का चित्र।
पारंपरिक ‘अरोनाई’ (बोडो गमछा) और पारंपरिक वाद्य यंत्र ‘सेर्जा’।
“असम के लिए गौरव का क्षण”
मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की मेजबानी करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बोडो संस्कृति, सम्मान और एकता की भावना को प्रदर्शित करने वाला एक यादगार पल साबित हुआ है।
Also Read: बहराइच: रिश्वतखोर पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, आरोपी को छोड़ने के लिए मांगे 1 लाख, SHO समेत 3 सस्पेंड

