ED ने रेत माफिया और शराब कारोबारियों के 23 ठिकानों पर की छापेमारी, करोड़ों का कैश और लग्जरी कारें बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: ओडिशा के गंजाम जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध खनन और टैक्स चोरी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। 16 जनवरी को शुरू हुई इस मैराथन छापेमारी में जो कुछ सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया है। रविवार को जारी आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार, ED की टीमों ने भारी मात्रा में नकदी और कई कीमती वाहन जब्त किए हैं।
ED ने किसी भी तरह की सूचना लीक होने से बचाने के लिए शेरगड़ा, आस्का, बरहामपुर और कनिसी जैसे इलाकों में एक साथ 23 ठिकानों पर धावा बोला। इस ऑपरेशन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 100 से ज्यादा अधिकारी शामिल थे, जिनकी सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों को तैनात किया गया था।
यह छापेमारी मुख्य रूप से रेत माफिया, बड़े ठेकेदारों और शराब कारोबारियों के खिलाफ की गई है। इन पर आरोप है कि ये लोग रुषिकुल्या, बड़ा नादी और बहुदा नदियों से अवैध तरीके से रेत का खनन और बिक्री कर रहे थे। ब्लैक स्टोन (काला पत्थर) की खदानों से भी बिना अनुमति के खनन किया जा रहा था। बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी कर सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का चूना लगाया जा रहा था।
नोटों के ढेर और लग्जरी गाड़ियां बरामद
छापेमारी के दौरान ED को अलग-अलग ठिकानों से कुल 2.63 करोड़ रुपये नकद मिले हैं। इसके अलावा, काली कमाई से खरीदी गई कई लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की गई हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और आने वाले दिनों में आरोपियों की अन्य चल-अचल संपत्तियों को भी कुर्क (Attach) किया जा सकता है।

