मिर्जापुर: जिम की आड़ में चल रहा था ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण का खेल, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में पुलिस ने जिम की आड़ में लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनका धर्मांतरण कराने और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले के मुख्य आरोपी और जिम संचालक फरीद को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

एनकाउंटर और गिरफ्तारी

यह मुठभेड़ देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा इलाके में हुई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में थी, तभी फरीद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी फरीद के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने उसके पास से दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं। फिलहाल घायल फरीद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिम की आड़ में ‘काली करतूत’

मिर्जापुर पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई दो युवतियों की शिकायत के बाद शुरू हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी जिम ट्रेनर मोहम्मद शेख अली आलम, फरीद और उनके साथी लड़कियों को पहले अपने जाल में फंसाते थे और फिर उनकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे।

पीड़िता के गंभीर आरोप

आर्थिक शोषण: ट्रेनर ने पीड़िता के नाम पर धोखाधड़ी से लोन भी लिया।

धर्मांतरण का दबाव: लड़कियों को जबरन बुर्का पहनाने, नमाज पढ़वाने और दरगाह ले जाकर कलमा पढ़वाकर धर्म बदलने के लिए मजबूर किया जाता था।

धमकी: विरोध करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

5 जिम सीज, 4 आरोपी जेल में

पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार लोगों (मोहम्मद शेख अली आलम, फैजल खान, जहीर और शादाब) को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, शहर में चल रहे KGN और बी-फिट समेत कुल 5 जिमों को अवैध गतिविधियों के चलते सीज कर दिया गया है।

स्थानीय भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे ‘लव जिहाद’ का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में इस तरह के घिनौने अपराध और अवैध धर्मांतरण का खेल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Also Read: लखनऊ के डिफॉल्टर बिल्डरों से अफसर कब वसूलेंगे 114 करोड़!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.