कांग्रेस नेता के भतीजे ने पत्नी की हत्या कर खुद को भी मारी गोली, दो महीने पहले ही हुई थी शादी
Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के पॉश इलाके थलतेज-बोडकदेव में स्थित एनआरआई टावर बुधवार रात गोलियों की आवाज से दहल उठा। गुजरात मेरिटाइम बोर्ड के क्लास-1 अधिकारी यशराज सिंह गोहिल ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी खत्म कर लिया। यशराज सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल के भतीजे थे।
पुलिस के मुताबिक, यशराज सिंह और उनकी पत्नी राजेश्वरी की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी। बुधवार रात करीब 10:30 बजे फ्लैट के भीतर दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि यशराज ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और राजेश्वरी पर गोली चला दी।
घटना के बाद एक हैरान करने वाला मोड़ आया। पत्नी को गोली मारने के बाद यशराज ने खुद ही 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन कर मदद मांगी। जब तक मेडिकल टीम फ्लैट पर पहुंची, डॉक्टर ने राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यशराज को अहसास हुआ कि उनकी पत्नी अब नहीं रही, उन्होंने दूसरे कमरे में जाकर उसी रिवॉल्वर से खुद को भी गोली मार ली। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम
फायरिंग की आवाज सुनकर अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डीसीपी और क्राइम ब्रांच समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। विशेषज्ञों की टीम ने फ्लैट से साक्ष्य जुटाए हैं और रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोशी ने बताया कि यशराज एक होनहार युवा अधिकारी थे और यूपीएससी की तैयारी भी कर रहे थे। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
Also Read: सेना की कैस्पर गाड़ी 200 फीट गहरी खाई में गिरी, 10 जवान शहीद और कई घायल

