रूसी पोर्ट पर यूक्रेन का बड़ा हमला, तेल टैंकों में लगी आग, 3 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष में हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटनाक्रम में यूक्रेन ने रूस के क्रास्नोडार इलाके में स्थित एक महत्वपूर्ण पोर्ट (बंदरगाह) को निशाना बनाया है, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई है और भारी नुकसान हुआ है।
क्रास्नोडार के गवर्नर वेनामिन कोंद्रात्येव ने बताया कि हमला टेमर्युक जिले के वोल्ना गांव में स्थित पोर्ट टर्मिनल पर हुआ। हमले के बाद वहां पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स से भरे चार बड़े टैंकों में आग लग गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग घायल हुए हैं। तामन पोर्ट रूस के लिए तेल, कोयला और खाद जैसे सामानों के निर्यात का एक बहुत बड़ा केंद्र है, जिसे नुकसान पहुँचाना रूस की अर्थव्यवस्था पर चोट करने जैसा है।
इससे पहले 20 जनवरी की रात को रूस के अदिगिया इलाके में भी ड्रोन हमला हुआ था। नोवाया अदिगेया गांव में हुए इस हमले में 11 लोग घायल हुए, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। इस हमले में एक अपार्टमेंट और पार्किंग में खड़ी करीब 40 कारों को नुकसान पहुँचा, जिनमें से 15 गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
Also Read: UPI और बैंकिंग ऐप्स को मिल सकता है Freeze बटन, डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड पर लगेगी लगाम

