भारतीय अब जापानी वीजा पर कर सकेंगे 7 अन्य देशों की सैर, समय और पैसा दोनों बचेंगे
Sandesh Wahak Digital Desk: जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर की हालिया मुलाकात ने दोनों देशों के रिश्तों में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। इस बैठक का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा नियमों में हुआ बदलाव है, जो अंतरराष्ट्रीय यात्रा को बेहद आसान बना देगा।
अब जापान का वैलिड वीजा रखने वाले भारतीय यात्री सात अन्य देशों की यात्रा भी कर सकेंगे। यह उन लोगों के लिए बड़ी राहत है जो यूरोप, एशिया और उत्तरी अमेरिका की यात्रा की योजना बनाते हैं। हालांकि, यह संबंधित देशों की शर्तों पर निर्भर करेगा, लेकिन जिन देशों में इस वीजा के आधार पर एंट्री मिल सकेगी उनमें जॉर्जिया, फिलीपींस, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ताइवान, मोंटेनेग्रो और मेक्सिको शामिल हैं। इस कदम से भारतीयों को हर देश के लिए अलग से वीजा की मशक्कत नहीं करनी होगी, जिससे समय और पैसा दोनों की बचत होगी। सिर्फ यात्रा ही नहीं, व्यापार के मोर्चे पर भी दोनों देश मिलकर बड़ी तैयारी कर रहे हैं।
प्राइवेट सेक्टर डायलॉग: 2026 की पहली तिमाही में ‘जापान-भारत प्राइवेट सेक्टर डायलॉग’ शुरू होगा। इसमें सेमीकंडक्टर, जरूरी खनिज, क्लीन एनर्जी और फार्मा जैसे क्षेत्रों पर खास जोर रहेगा।
चिप्स और बैटरी: दुनिया की निर्भरता कम करने के लिए दोनों देश चिप्स और बैटरी बनाने में इस्तेमाल होने वाले ‘रेयर अर्थ’ खनिजों की सप्लाई पक्की करेंगे।
AI में साझेदारी: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए ‘जापान-भारत एआई स्ट्रैटेजिक डायलॉग’ को भी रफ्तार दी गई है।
Also Read: यूपी में कांग्रेस का ‘मिशन 2027’: रैलियों के जरिए माहौल बनाएंगे खरगे-राहुल और प्रियंका

