Kanpur News: दबंगों ने चौकी के अंदर घुसकर की दरोगा से हाथापाई, सड़क पर घंटों चला गैंगवार, 2 आरोपी गिरफ्तार

Kanpur News: शहर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में आने वाली नवशीलधाम पुलिस चौकी के पास बीते गुरुवार को जमकर बवाल हुआ। दो गुटों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। हैरानी की बात यह रही कि दबंग लड़ते-लड़ते पुलिस चौकी के भीतर तक जा घुसे और जब वहां मौजूद सब-इंस्पेक्टर (SI) ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट और बदतमीजी शुरू कर दी।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि करीब 12-15 लड़कों का झुंड बीच सड़क पर एक-दूसरे को घसीट रहा है और मारपीट कर रहा है। सड़क किनारे खड़े लोग तमाशबीन बने रहे और मोबाइल में वीडियो बनाते रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने इन्हें आवारा लड़के बताते हुए कहा कि इलाके में इनका आतंक अक्सर देखने को मिलता है।

दरोगा के साथ हुई हाथापाई और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। पुलिस ने इस मामले में 7 नामजद और 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ दंगा करने, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और काम में बाधा डालने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शनिवार को पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों आदित्य पटेल और प्रिंस पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकी फरार आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस वीडियो फुटेज खंगाल रही है और उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Also Read: Amethi News: एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने फीता काटकर किया नवनिर्मित महिला पुलिस पिंक बूथ का लोकार्पण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.