यूपी की राजनीति में फिर लौटेंगे आकाश आनंद, बसपा ने तैयार किया मेगा रोडमैप
Sandesh Wahak Digital Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उत्तर प्रदेश की सियासत में अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए एक बड़ा दांव खेलने जा रही है। पार्टी के युवा चेहरे और राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद एक बार फिर यूपी के मैदान में पूरी सक्रियता के साथ उतरने वाले हैं। आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी ने उनके रोड शो और जनसभाओं का एक व्यापक खाका तैयार कर लिया है।
मार्च से शुरू होगा मिशन ‘यूपी’
सूत्रों के मुताबिक, मार्च महीने से आकाश आनंद पूरे प्रदेश का दौरा शुरू करेंगे। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य बसपा के कैडर में नया जोश फूंकना और पार्टी के मूल वोट बैंक को एकजुट करना है। बसपा सुप्रीमो मायावती की अंतिम मुहर लगते ही इस मेगा प्लान पर काम शुरू हो जाएगा।
क्यों जरूरी हुए आकाश?
पिछले कुछ समय से बसपा के प्रदर्शन में आए उतार-चढ़ाव को देखते हुए पार्टी अब कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। पहले मायावती ने आकाश को यूपी और उत्तराखंड की जिम्मेदारियों से दूर रखा था, लेकिन अब बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच उन्हें फिर से कमान सौंपी जा रही है। हाल ही में बिहार में आकाश आनंद के रोड शो और रैलियों ने पार्टी के वोट बैंक को बिखरने से बचाया था, जिससे बसपा नेतृत्व का उन पर भरोसा और बढ़ा है। मायावती ने अपने जन्मदिन पर साफ कर दिया था कि वे किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेंगी। ऐसे में आकाश आनंद की रैलियों के जरिए युवाओं को पार्टी से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
संगठन में जान फूंकने की कोशिश
एक तरफ प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल लगातार जिलों का दौरा कर अन्य दलों के नेताओं को बसपा में शामिल करा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आकाश आनंद का ‘युवा नेतृत्व’ संगठन को वह धार देने की कोशिश करेगा जिसकी पार्टी को लंबे समय से तलाश है।

