बारामती विमान हादसे पर बंगाल की CM Mamata Banerjee ने उठाए सवाल
Sandesh Wahak Digital Desk: बारामती में आज सुबह हुए एक दुखद विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई। यह चार्टर्ड विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। इसके साथ ही राजनीतिक गलियारों में हादसे की जांच की मांग भी तेज हो गई है। वहीं बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने इस हादसे पर सवाल उठाए हैं।
नेताओं ने जताया शोक, उठाए सवाल
यहां महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दुर्घटना को राज्य के लिए एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि अजित पवार न केवल एक समर्पित नेता थे, बल्कि निजी जीवन में एक अच्छे दोस्त भी थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को भी इस दुखद खबर से अवगत कराया है।
वहीं, राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस हादसे की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की दुर्घटनाओं की पूरी तहकीकात होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Mamata Banerjee ने उठाया सुरक्षा का मुद्दा
वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee)ने इस घटना पर गहरी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश में अब न तो आम लोग सुरक्षित हैं और न ही राजनीतिक नेता। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि एक वरिष्ठ नेता की इस तरह दुर्घटना में मौत गंभीर सवाल खड़े करती है। ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में इस मामले की जांच की मांग की है और तोड़फोड़ जैसे संभावित कोण पर भी प्रकाश डाला है।
अखिलेश यादव ने मांग को बताया वाजिब
वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की जांच की मांग का समर्थन किया है। उनका कहना है कि अजित पवार जैसे बड़े पद पर बैठे व्यक्ति की मृत्यु की जांच होना बहुत जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी कई वीआईपी लोगों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हुई है, इसलिए यह जानना जरूरी है कि बार-बार ऐसा क्यों हो रहा है।
क्या है हादसे की मानक जांच प्रक्रिया?
दरअसल इस दुर्घटना की जांच की जिम्मेदारी एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) को सौंपी गई है। जांच दल जल्द ही घटनास्थल का मुआयना करेगा। साथ ही, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम भी अपनी जांच कर सकती है।
प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, उड़ान के दौरान ही विमान में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया और इमरजेंसी लैंडिंग के लिए ‘मे डे’ कॉल की। अनुमति मिलने के बाद जब पायलट ने विमान उतारने का प्रयास किया, तब यह दुर्घटना हो गई। कुछ सूत्रों का यह भी कहना है कि लैंडिंग के प्रयास के दौरान विमान में आग लग गई और एक धमाका हुआ।
इस तरह की दुर्घटनाओं की जांच में तकनीकी खराबी, मानवीय भूल, मौसम की स्थिति और रखरखाव जैसे पहलुओं की पड़ताल की जाती है। पूरी रिपोर्ट आने में कुछ समय लग सकता है, लेकिन यह जांच इस बात को स्पष्ट करने में महत्वपूर्ण होगी कि आखिर यह दुखद घटना क्यों घटी। फिलहाल ममता (Mamata Banerjee) के सवाल उठाने के बाद सियासी प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं।
Also Read: अयोध्या पर पहला हक विनय कटियार का, बृजभूषण शरण सिंह ने बदला सुर

