जमीन विवाद में जेएमएम नेता ने दो चचेरे भाइयों को जिंदा जलाया, बचाने आए पड़ोसी भी झुलसे

Sandesh Wahak Digital Desk: कोयलांचल की धरती धनबाद के जोरापोखर थाना क्षेत्र में रिश्तों का कत्ल करने की कोशिश की गई। डिगवाडीह मोहल्ले में एक दबंग नेता ने मामूली विवाद को सुलझाने के बजाय हिंसक रास्ता चुना और अपने ही परिवार के दो युवकों को मौत के मुंह में धकेल दिया। हमलावर की पहचान झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से जुड़े कथित नेता मदन राम के रूप में हुई है।

चश्मदीदों के मुताबिक, यह घटना देर रात करीब 11 बजे हुई। मदन राम हाथ में पेट्रोल की कैन लेकर बाजार के मोड़ पर पहुंचा, जहां उसके चचेरे भाई उत्सव राम और विवेक राम खड़े थे। बहस शुरू होते ही मदन ने उन पर पेट्रोल उड़ेल दिया और लाइटर जलाकर उन्हें आग के हवाले कर दिया। जब दोनों भाई आग की लपटों में घिरे चिल्लाने लगे, तो उन्हें बचाने दौड़े पड़ोसी विनायक गुप्ता भी बुरी तरह झुलस गए।

इस सनसनीखेज हमले के पीछे सालों से चला आ रहा जमीन विवाद बताया जा रहा है। पीड़ित उत्सव राम के अनुसार, डिगवाडीह बाजार स्थित कीमती जमीन को लेकर मदन राम से उनकी अनबन चल रही थी। उत्सव ने अस्पताल में बताया, मदन भैया ने चिल्लाते हुए कहा कि आज सब खत्म कर दूंगा और आग लगा दी। वहां पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन किसी ने उसे नहीं रोका।

अस्पताल में भर्ती उत्सव राम 50% से ज्यादा जल चुके हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो जान बचाना मुश्किल हो जाता। फिलहाल तीनों घायलों का इलाज चल रहा है।

दहशत में बाजार, आरोपी फरार

वारदात के बाद से आरोपी मदन राम फरार है। घटना से गुस्साए लोगों ने डिगवाडीह बाजार की दुकानें बंद रखीं और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। लोगों में इस बात को लेकर भी गुस्सा है कि राजनीतिक रसूख के चलते आरोपी बेखौफ होकर ऐसी वारदात को अंजाम दे गया।

धनबाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। एसपी धनबाद ने कहा कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला है।

Also Read: बरेली में निलंबित PCS अफसर के खिलाफ फूटा गुस्सा, अलंकार अग्निहोत्री की बर्खास्तगी और संपत्ति जांच की उठी मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.