Lucknow News: युवती को ड्रिंक में दवा देकर बनाया अश्लील वीडियो, धमकी और ब्लैकमेल से दो शादियां तुड़वाईं
Lucknow News: लखनऊ के मड़ियांव इलाके की एक युवती सात साल से एक आरोपी की क्रूरता और धमकियों का शिकार बनी रही। आरोपी ने पहले उसके साथ दुष्कर्म कर उसका अश्लील वीडियो बनाया, फिर उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर न सिर्फ उसका लगातार शोषण किया, बल्कि लाखों रुपये भी ऐंठे और उसकी दो शादियां तोड़वा दीं। पीड़िता की शिकायत पर मड़ियांव पुलिस ने आरोपी शंत शरण को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी शंत शरण, जो फैजुल्लागंज का रहने वाला है, उसका परिचित था। 11 मई, 2015 को उसने किताब देने के बहाने उसे अपने घर बुलाया और फिर डालीगंज ले गया। वहां उसने उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई और बेहोश होने पर उसके साथ दुष्कर्म करते हुए वीडियो बना लिया। जब युवती को होश आया और उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे वीडियो दिखाकर वायरल करने की धमकी दी।
सात साल तक चला शोषण और ब्लैकमेल
इसके बाद आरोपी लगातार उस वीडियो के बल पर युवती का शोषण करता रहा। उसे अक्सर मिलने के लिए बुलाता और धमकी देता। युवती ने कई बार वीडियो डिलीट करने की मिन्नतें कीं, लेकिन आरोपी नहीं माना। उसने उससे 2 लाख रुपये भी ऐंठे, जो युवती ने जुलाई 2022 में अपनी मां के खाते से निकालकर दिए।
दो बार तुड़वाई शादी
युवती के लिए सबसे बड़ा झटका तब लगा जब आरोपी ने उसके विवाह के रास्ते में रोड़ा अटकाया।
2023 में: उसकी शादी ठाकुरगंज के एक युवक से तय हुई। शंत शरण ने धमकी देकर रुकवाने की कोशिश की और जब युवती नहीं मानी, तो उसने वीडियो सीधे मंगेतर और उसके परिवार वालों को भेज दिया। नतीजा, शादी टूट गई।
2024 में: हाल ही में उसकी शादी कानपुर के एक युवक से 9 मार्च को तय हुई थी। इस बार भी आरोपी ने वही हरकत दोहराई और वीडियो भेजकर शादी तुड़वा दी। आरोपी ने खुलकर कहा कि वह उसे बिना शादी के जीवन भर रखना चाहता था।
पीड़िता ने बताया कि 10 नवंबर को आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ एसयूवी में आकर उसे डालीगंज से उठाया और कार में ही दुष्कर्म किया। इसके अलावा वह कई बार उसे अलग-अलग होटलों में ले गया। 30 नवंबर को गल्ला मंडी में उसने युवती को उसके भांजे के सामने पीटा भी और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
इतने सालों की पीड़ा और प्रताड़ना के बाद युवती ने हिम्मत जुटाकर बुधवार को मड़ियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार में आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है।
Also Read: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का योगी सरकार को अल्टीमेटम, बोले- 40 दिन में गाय को राज्यमाता घोषित करें

