इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, टिशू पेपर पर लिखा मिला ‘हाईजैक’ का संदेश

Sandesh Wahak Digital Desk:  कुवैत से दिल्ली आ रहे इंडिगो के विमान में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेन के अंदर एक संदिग्ध नोट मिला। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को तुरंत अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया, जहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

आसमान में उड़ रहे विमानों को मिल रही धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शुक्रवार को सामने आया, जब कुवैत से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E 176) को बम से उड़ाने और हाईजैक करने की धमकी दी गई। यह धमकी एक टिशू पेपर पर लिखकर दी गई थी, जिसे विमान के शौचालय (टॉयलेट) में पाया गया।

टिशू पेपर पर लिखा था ‘मौत का पैगाम’

जानकारी के मुताबिक, विमान जब हवा में था, तभी एक क्रू मेंबर की नजर शौचालय में रखे उस टिशू पेपर पर पड़ी जिस पर प्लेन को हाईजैक करने और बम से उड़ाने की बात लिखी थी। पायलट ने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी और प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को नजदीकी अहमदाबाद एयरपोर्ट (SVP International Airport) की तरफ मोड़ दिया गया।

180 यात्रियों की सांसें अटकीं, घंटों चली जांच

विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद उसे आइसोलेशन बे (सुरक्षित स्थान) में ले जाया गया।

विमान में मौजूद सभी 180 यात्रियों और उनके सामान को नीचे उतारकर बारीकी से जांचा गया।

बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे प्लेन का कोना-कोना खंगाला।

सुरक्षा एजेंसियां हर यात्री की पहचान और उनके बैकग्राउंड की जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह शरारत किसकी है।

अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं

अहमदाबाद एयरपोर्ट सूत्रों और पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में अब तक विमान से कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक वस्तु बरामद नहीं हुई है। ऐसा लग रहा है कि यह किसी की सोची-समझी शरारत थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां कोई जोखिम नहीं लेना चाहतीं। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही विमान को दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा, जिससे फ्लाइट में करीब दो घंटे की देरी होने की संभावना है।

Also Read: Lucknow News: युवती को ड्रिंक में दवा देकर बनाया अश्लील वीडियो, धमकी और ब्लैकमेल से दो शादियां तुड़वाईं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.