BLA के ऑपरेशन हेरोफ में 80 से ज्यादा पाकिस्तानी जवानों के मारे जाने का दावा, कई शहरों में मचा कोहराम

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान का बलूचिस्तान प्रांत इस वक्त बारूद के ढेर पर बैठा है। प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ‘ऑपरेशन हेरोफ फेज-2’ के तहत पाकिस्तानी सेना, पुलिस और खुफिया एजेंसियों पर सिलसिलेवार हमले किए हैं। बीएलए का दावा है कि इन हमलों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के 80 से ज्यादा जवान मारे गए हैं, जबकि दर्जनों घायल हुए हैं।

बीएलए के प्रवक्ता जीयांद बलूच के अनुसार, यह ऑपरेशन लगभग दस घंटे तक चला। उग्रवादियों ने क्वेटा, नोशकी, मस्तुंग, दलबांदिन और कलात जैसे महत्वपूर्ण सैन्य और प्रशासनिक केंद्रों को निशाना बनाया।

बंधक और तबाही: संगठन ने दावा किया है कि उन्होंने 18 सुरक्षाकर्मियों को बंदी बना लिया है और 30 से ज्यादा सरकारी संपत्तियों (बैंक, जेल और दफ्तर) को या तो तबाह कर दिया या उन पर कब्जा कर लिया।

आगजनी: हमले के दौरान 20 से ज्यादा सरकारी वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया।

जवाबी कार्रवाई और हिंसा के बीच आम नागरिक सबसे ज्यादा पिस रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी सेना ने ग्वादर में एक रिहायशी परिसर पर हमला किया, जहां ठहरे हुए मजदूरों के परिवारों पर गाज गिरी। इस घटना में महिलाओं और बच्चों समेत 12 लोगों की मौत की खबर है। तुर्बत जिले के फुलाबाद में पाकिस्तानी सेना की ओर से दागे गए मोर्टार के गोलों की चपेट में आने से एक 15 साल के लड़के की जान चली गई, जबकि कई महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं।

Also Read: रोहित शेट्टी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, क्राइम ब्रांच की 12 टीमें जांच में जुटीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.