UP STF के हत्थे चढ़ा इनामी गैंगस्टर आकाश यादव, आंखों में मिर्ची झोंककर लूट करने वाले गैंग का था सरगना

Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) ने रविवार को गोण्डा जिले के शातिर अपराधी और गैंगस्टर आकाश यादव को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आकाश पर 50 हजार रुपये का इनाम था और वह गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहा था। एसटीएफ की टीम ने उसे गोण्डा के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित कटरा रेलवे स्टेशन के सामने से दोपहर करीब 1:10 बजे दबोचा।

कैसे पकड़ा गया शातिर लुटेरा

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि धानेपुर थाने का वांछित अपराधी आकाश यादव कहीं भागने की फिराक में कटरा रेलवे स्टेशन के पास खड़ा है। एएसपी विशाल विक्रम सिंह के निर्देशन में इंस्पेक्टर विनय सिंह और उनकी टीम ने घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आंखों में मिर्ची झोंककर करता था लूट

पूछताछ के दौरान आकाश ने जो खुलासे किए, वे चौंकाने वाले हैं। उसने स्वीकार किया कि उसका एक सक्रिय गिरोह है जो राहगीरों की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर लूटपाट करता था।

प्रमुख वारदातें: साल 2024 में उसने धानेपुर, नवाबगंज, कोतवाली देहात और खरगूपुर इलाकों में आधा दर्जन से अधिक लूट की वारदातों को अंजाम दिया। मोतीगंज में एक ई-रिक्शा चालक को चाकू मारकर लूटपाट की थी। नवाबगंज और देहात कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवारों की आंखों में मिर्ची झोंककर हजारों रुपये और मोबाइल लूटे थे।

आकाश यादव के खिलाफ गोण्डा के अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 6 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। 2025 में धानेपुर थाने में उस पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया था, जिसके बाद से वह पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।

गैंग के अन्य सदस्य भी रडार पर

आकाश ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों सुमित तिवारी, संदीप मौर्या, आदित्य कश्यप और हरतू कश्यप के नामों का भी खुलासा किया है। पुलिस अब इन सदस्यों की तलाश में जुट गई है। फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्त को धानेपुर थाने में दाखिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: Bareilly News: नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9 लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.