भारत-अमेरिका ट्रेड डील का धमाका, शेयर बाजार जबरदस्त उछाल, सेंसेक्स 3600+ और निफ्टी 1200 अंक चढ़कर खुला
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय शेयर बाजार के इतिहास में आज का दिन बेहद खास रहा। भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील (व्यापार समझौते) पर मुहर लगने की खबर ने दलाल स्ट्रीट में जोश भर दिया। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को बाजार खुलते ही रिकॉर्ड तेजी देखने को मिली। मंगलवार सुबह बाजार के खुलते ही आंकड़ों ने सबको चौंका दिया।
सेंसेक्स: पिछले बंद के मुकाबले करीब 3,657 अंक की भारी बढ़त के साथ 85,323.20 पर खुला।
निफ्टी: अपनी पिछली क्लोजिंग से 1,219 अंक उछलकर 26,308.05 के स्तर पर पहुंच गया।
बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों के भीतर निफ्टी के सभी इंडेक्स हरे निशान में चमक रहे थे और मिडकैप व स्मॉलकैप शेयरों में भी 4 प्रतिशत तक की शानदार तेजी दर्ज की गई।
ट्रम्प की घोषणा ने बदला मिजाज
बाजार में इस भारी उछाल की मुख्य वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की वह घोषणा है, जिसमें उन्होंने भारत के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया। इस डील के तहत अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले पारस्परिक शुल्क (Reciprocal Tariff) को 25% से घटाकर 18% कर दिया है। इस फैसले से भारतीय निर्यातकों को बड़ी राहत मिली है, जिसका सीधा असर बाजार के सेंटीमेंट पर दिखा।

