देहरादून में ट्रक को साइड देने के चक्कर में खाई में गिरी बस, 3 यात्रियों की मौत, 30 से ज्यादा घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर एक बार फिर रफ्तार और संकरी सड़कों का कहर देखने को मिला है। हिमाचल प्रदेश रोडवेज (HRTC) की एक बस मंगलवार सुबह देहरादून के विकासनगर स्थित क्वानू के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गई। इस हृदय विदारक हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक, हिमाचल रोडवेज की यह बस सुबह करीब 6:30 बजे चौपाल डिपो से निकली थी। बस मीनस-क्वानू-हरिपुर रूट से होते हुए पांवटा साहिब की ओर जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे जब बस सुदोई खड्ड के पास पहुंची, तो सामने से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के चक्कर में चालक ने बस किनारे की। इसी दौरान सड़क का पुश्ता (किनारा) अचानक धंस गया और बस अपना संतुलन खो बैठी। बस कई पलटे खाते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोग
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस के गिरने की आवाज और यात्रियों की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत बचाव के लिए दौड़े। प्रशासन के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने खाई में उतरकर मलबे में दबे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू कर दिया था।
राहत और बचाव कार्य जारी
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Also Read: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस का हमला, पूछा- मेक इन इंडिया का क्या हुआ

