लोकसभा स्पीकर ने विपक्ष के 8 सांसदों को बजट सत्र से किया निलंबित, कागज फेंकने और टेबल पर चढ़ने का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण के दौरान शुरू हुआ हंगामा सांसदों के निलंबन तक पहुंच गया। सदन की कार्यवाही में बाधा डालने और अमर्यादित आचरण के आरोप में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं समेत कुल 8 सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

इन सांसदों पर गिरी गाज

निलंबित किए गए सांसदों में कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, मणिक्कम टैगोर, डीन कुरियाकोस, किरण कुमार रेड्डी, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, प्रशांत पोडोले और एस. वेंकटेश्वरन (विपक्ष) शामिल हैं।

स्पीकर ओम बिरला ने यह कड़ा रुख तब अपनाया जब सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान भारी शोर-शराबा शुरू हो गया। आरोप है कि कुछ सांसद जोश में आकर टेबल पर चढ़ गए और कुछ ने सदन की गरिमा को ताक पर रखकर आसन की ओर कागज उछाले। स्पीकर ने इसे अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा और सदन की अवमानना करार देते हुए निलंबन का फैसला सुनाया।

इस कार्रवाई से पहले ही सदन में माहौल तनावपूर्ण हो गया था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें बोलने नहीं दे रही। उन्होंने सरकार को चुनौती देते हुए कहा था, अगर हिम्मत है तो सिर्फ कुछ सांसदों को नहीं, बल्कि पूरे विपक्ष को निलंबित करके दिखाओ। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने स्पीकर से मुलाकात कर विपक्षी सांसदों के आचरण की शिकायत की थी।

Also Read: Lucknow News: अजय राय ने KGMU मजार पर चढ़ाई चादर, बोले- केजीएमयू से भी पुरानी है यह विरासत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.