नीतीश सरकार का 3.47 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट, महिलाओं को मिलेंगे 2-2 लाख रुपये

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 3,47,589 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट पेश किया है। पिछले साल के मुकाबले बजट के आकार में बड़ी बढ़ोतरी की गई है, जो राज्य की बढ़ती आर्थिक ताकत को दर्शाता है। वित्त मंत्री ने अपने भाषण में ज्ञान, ईमान, विज्ञान, अरमान और सम्मान’ का नारा देते हुए कहा कि बिहार अब रुकने वाला नहीं है।

बजट की 5 बड़ी बातें

आर्थिक रफ्तार में लंबी छलांग: बिहार की आर्थिक विकास दर लगातार बेहतर हो रही है। सरकार का अनुमान है कि अगले साल यह 14.9 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी, जो देश के कई विकसित राज्यों से बेहतर है।

महिलाओं के लिए बड़ा तोहफा: बजट में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर खास जोर दिया गया। वित्त मंत्री ने बताया कि 1.56 करोड़ महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये भेजे जा चुके हैं। अब जिन महिलाओं ने अपना छोटा व्यवसाय शुरू किया है, उन्हें सरकार 2 लाख रुपये की अतिरिक्त मदद देगी।

सात निश्चय से संवरेगा बिहार: राज्य को विकसित बनाने के लिए ‘सात निश्चय’ योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए बजट का एक बड़ा हिस्सा आवंटित किया गया है।

सामाजिक कल्याण पर फोकस: न्याय के साथ विकास के नारे को अमली जामा पहनाते हुए सामाजिक कल्याण की योजनाओं के लिए 7,724 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

खुद की कमाई में इजाफा: राज्य सरकार को उम्मीद है कि 2026-27 में उसे अपने कर राजस्व (Tax Revenue) से करीब 65,800 करोड़ रुपये की आय होगी।

ज्ञान, विज्ञान और अरमान का बजट

वित्त मंत्री ने बजट पेश करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह बजट सिर्फ आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि बिहार के हर नागरिक के ‘अरमानों’ को पूरा करने वाला दस्तावेज है। पिछले साल के 3.17 लाख करोड़ के बजट के मुकाबले इस बार की बढ़ोतरी यह बताती है कि सरकार बुनियादी ढांचे और रोजगार पर बड़ा निवेश करने जा रही है।

Also Read: लोकसभा स्पीकर ने विपक्ष के 8 सांसदों को बजट सत्र से किया निलंबित, कागज फेंकने और टेबल पर चढ़ने का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.