लखनऊ पुलिस का ‘रील’ स्टार्स पर एक्शन, जनेश्वर मिश्र पार्क में बैरियर गिराने वाली गाड़ियां सीज
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार इलाके में स्टंटबाजी का शौक कुछ रईसजादों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक जनेश्वर मिश्र पार्क के पास थार गाड़ी से पुलिस बैरियर को गिराते और खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे थे। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टंट में इस्तेमाल की गई तीनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
3 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें जनेश्वर मिश्र पार्क के पास कुछ गाड़ियां सड़कों पर कानून की धज्जियां उड़ाती दिखीं। एक थार गाड़ी से पुलिस का बैरियर गिराया गया, जिससे न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोमतीनगर विस्तार थाने में धारा 285/289/292/125/126(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पकड़ी गईं गाड़ियां, चालक निकले बच्चे
विवेचना के दौरान उप-निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार शुक्ल की टीम ने आज (4 फरवरी) उन तीनों गाड़ियों को खोज निकाला जो वायरल वीडियो में नजर आ रही थीं। जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई कि गाड़ियां चलाने वाले सभी ‘स्टंटबाज’ नाबालिग थे।
चूंकि चालक नाबालिग हैं, इसलिए पुलिस ने नियमानुसार उनके परिजनों को थाने बुलाकर कड़ी हिदायत दी और उन्हें घर भेज दिया। हालांकि, गाड़ियों को सीज कर दिया गया है।
सीज किए गए वाहनों का विवरण
महिंद्रा थार: UP32QK6381 (जिससे बैरियर गिराया गया)
महिंद्रा स्कॉर्पियो: UP32PT2605
मारुति सियाज: UP32NF7441
पुलिस टीम की मुस्तैदी
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप-निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार शुक्ल, हेमन्त कुमार कश्यप, अनमोल कुमार और कांस्टेबल रामू यादव, रविन्द्र, सौरभ राठी व सिराज अहमद शामिल रहे। लखनऊ पुलिस ने संदेश दिया है कि सड़कों पर रील के नाम पर अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read: ‘पीएम मोदी सच्चाई से डरे हुए हैं, इसीलिए…’, राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

