उन्नाव में सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दंपती और दो मासूमों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के भल्ला फार्म तिराहे के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दंपती और उनके दो मासूम बच्चों को कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी और उनके 6 व 9 साल के बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

शादी समारोह से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, अजगैन कस्बा निवासी वीरेंद्र (35) अपनी पत्नी रीतू (33), बेटी अनुराधा (9) और बेटे रुद्र (6) के साथ लखनऊ के बंथरा स्थित दयालखेड़ा गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब 11:30 बजे पूरा परिवार बाइक से वापस घर लौट रहा था। वीरेंद्र की बड़ी बेटी नैनसी (15) पीछे आ रही अपने मौसा (साढ़ू) रंजीत की बाइक पर बैठी थी, जिसकी वजह से उसकी जान बच गई।

साढ़ू का इंतजार करते समय हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वीरेंद्र ने भल्ला फार्म तिराहे के पास पीछे आ रहे अपने साढ़ू रंजीत का इंतजार करने के लिए बाइक रोकी थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक कंटेनर को टक्कर मारी और फिर भागने की कोशिश में सड़क किनारे खड़े वीरेंद्र के परिवार को रौंद दिया। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार चारों सदस्यों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

पुलिस की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही सोहरामऊ थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

 

Also Read: यूपी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, अयोध्या आईजी सहित 24 IPS अधिकारियों के तबादले

Get real time updates directly on you device, subscribe now.