अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध की आहट, US एंबेसी ने अपने नागरिकों को तुरंत तेहरान खाली करने को कहा

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य पूर्व (Middle East) से आ रही खबरें बेहद चिंताजनक हैं। शुक्रवार को अमेरिका ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एक इमरजेंसी एडवाइजरी जारी की है। इसमें साफ कहा गया है कि हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं, इसलिए बिना वक्त गंवाए ईरान की सीमा से बाहर निकल जाएं।

सरकार की मदद के भरोसे न रहें

अमेरिकी दूतावास ने इस बार जो चेतावनी जारी की है, वह काफी असामान्य और गंभीर है। एंबेसी ने अपने नागरिकों से कहा है कि चाहे सड़क हो, हवाई जहाज हो या पानी का रास्ता जो भी विकल्प उपलब्ध हो, उसका इस्तेमाल कर ईरान छोड़ दें। एडवाइजरी में दोटूक कहा गया है कि नागरिक सुरक्षित निकासी के लिए अमेरिकी सरकार की सहायता की उम्मीद न करें, बल्कि अपने स्तर पर जल्द से जल्द वापसी करें। दूतावास ने आगाह किया है कि दुनिया भर की एयरलाइंस ईरान के लिए अपनी उड़ानें या तो सीमित कर रही हैं या कैंसिल कर रही हैं, जिससे आने वाले समय में बाहर निकलना नामुमकिन हो सकता है।

एक तरफ ईरान सरकार ने सुरक्षा का हवाला देते हुए कई जगहों पर सड़कें ब्लॉक कर दी हैं, वहीं दूसरी तरफ आज ही ओमान में दोनों देशों के बीच एक अहम परमाणु वार्ता होने वाली है। व्हाइट हाउस के अनुसार, ट्रंप प्रशासन की टीम का मुख्य लक्ष्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर पूरी तरह से रोक लगाना है। इस वार्ता के लिए ईरान के विदेश मंत्री गुरुवार रात ही ओमान पहुंच चुके हैं। वहीं अमेरिका की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर कमान संभालेंगे।

Also Read: Project-75I से मिलेगा भारत की समुद्री ताकत को बड़ा सहारा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.