Unnao : बांगरमऊ में मौत के मांझे पर पुलिस का ‘हंटर’, दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
Sandesh Wahak Digital Desk: पतंगबाजी के शौक के बीच चाइनीज मांझा अब लोगों के गले की फांस बनता जा रहा है। उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में पिछले कुछ समय में हुए हादसों को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पुलिस का साफ संदेश है कि चंद रुपयों के मुनाफे के लिए किसी की जान जोखिम में डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दुकानों और गोदामों की सघन तलाशी
कोतवाल अखिलेश चंद्र पाण्डेय के कड़े निर्देश पर कस्बा चौकी इंचार्ज न्यूटन कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ गुरुवार को नगर के मुख्य बाजारों में पतंग और मांझे की दुकानों की सघन चेकिंग की। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने दुकानों के हर कोने और स्टॉक को खंगाला।
राहगीरों के लिए ‘काल’ है यह मांझा
चौकी इंचार्ज ने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए समझाया कि चाइनीज मांझा न केवल पक्षियों बल्कि राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। उन्होंने पूर्व में हुए हादसों का हवाला देते हुए बताया कि किस तरह इस धागे से लोगों के गले और हाथ कट चुके हैं। पुलिस ने दोटूक कहा कि अगर किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित मांझा मिला, तो सीधे FIR दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
जनता से भी सहयोग की अपील
कोतवाल अखिलेश चंद्र पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन के लिए नहीं है, बल्कि लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब गोदामों पर भी पैनी नजर रख रही है। साथ ही, उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि खुद भी इस जानलेवा मांझे का इस्तेमाल न करें। यदि कोई दुकानदार इसे छिपकर बेच रहा है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। बच्चों को साधारण सूती धागे से पतंग उड़ाने के लिए प्रेरित करें। पुलिस की इस सख्ती के बाद कई दुकानदारों ने खुद ही अपने पास मौजूद प्रतिबंधित मांझे को हटा लिया और दोबारा न बेचने की कसम खाई है।
Also Read: उत्तराखंड: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी बरातियों से भरी बस, 13 की मौत, 34 घायल

