Amethi News: स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर सियासी संग्राम, AAP ने बिजली विभाग को घेरा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ से लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्मार्ट मीटर के खिलाफ उठ रही आवाज अब अमेठी में भी बुलंद हो गई है। रविवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने स्मार्ट मीटरों को ‘स्मार्ट चीटर’ करार देते हुए सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला अध्यक्ष अनुराग शुक्ला के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने गौरीगंज स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।
गरीबों की जेब पर डाका डाल रहे नए मीटर: अनुराग शुक्ला
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष अनुराग शुक्ला ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर बिजली विभाग जनता को लूटने का नया तरीका लाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये मीटर बहुत तेजी से भाग रहे हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों और गरीब परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। भारी-भरकम बिजली बिल भेजकर जनता का आर्थिक शोषण किया जा रहा है, जिसे ‘आप’ बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रमुख मांगें: पुराने पोस्टपेड मीटर हों बहाल
आम आदमी पार्टी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मुख्य मांगें रखीं:
वर्तमान में लगे सभी स्मार्ट मीटरों को तुरंत हटाया जाए।
उपभोक्ताओं के घरों में पहले की तरह पुराने पोस्टपेड मीटर बहाल किए जाएं।
तेजी से बढ़ रहे फर्जी और भारी बिजली बिलों की जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए।
इन्हौना में भी फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
अमेठी के इन्हौना क्षेत्र में भी पिछले दिनों बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के खिलाफ ग्रामीणों ने पावर हाउस का घेराव किया था। जनता का कहना है कि एक तरफ भीषण गर्मी में कटौती से बुरा हाल है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटरों ने बिलों में आग लगा दी है।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से आवेश हनफी, शिव प्रसाद कश्यप, दीपक शुक्ला, देवास त्रिपाठी, डॉ. मलखान सिंह, पूजा वर्मा, पूनम वर्मा, अशोक सेन सहित बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी कलेक्ट्रेट का घेराव कर बड़े आंदोलन के लिए विवश होगी।
Also Read: Lucknow News: बारिश की फुहारों के बीच LDA की ‘ग्रीन रन’ बनी यादगार, जुम्बा और संगीत पर थिरके युवा

