बंगलूरू में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर ‘मल्टी-व्हीकल’ भिड़ंत में 7 लोगों की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू के बाहरी इलाके होसकोटे में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ने कहर बरपाया। होसकोटे–डाबास्पेटे नेशनल हाईवे पर हुए एक भयानक सड़क हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस मल्टी-व्हीकल (कई वाहनों की) टक्कर में एक SUV, एक कैंटर, एक मोटरसाइकिल और एक अन्य कार आपस में भिड़ गए।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा एम. सत्यवर गांव के पास नेशनल हाईवे पर सुबह के समय हुआ। होसकोटे से देवनहली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार SUV ने सबसे पहले पीछे से एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी। मोटरसाइकिल से टकराने के बाद SUV के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद SUV सड़क पर सामने से आ रहे एक कैंटर वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे से आ रही एक अन्य कार भी इस हादसे का शिकार होकर वाहनों में जा घुसी।

राहत और बचाव कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया है। पुलिस फिलहाल तेज रफ्तार और लापरवाही का मामला दर्ज कर विस्तृत जांच कर रही है।

Also Read: राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए UP के ASP अनुज चौधरी, बोले- ‘मुस्कान देने वाले कलाकार को अकेला न छोड़ें’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.