लखनऊ: दरियापुर चौराहे के पास दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर-टैंकर की टक्कर में बाइक सवार की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के महिगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरियापुर चौराहे के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर से जुड़े टैंकर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 10 बजे मुसपिपरी गांव के रहने वाले दो व्यक्ति अपनी बजाज प्लैटिना बाइक (UP 32 CE 7526) से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे दरियापुर चौराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक स्वराज ट्रैक्टर-टैंकर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

एक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती

इस हादसे में 45 वर्षीय प्रभात कुमार उर्फ संजू (पुत्र राम प्रकाश रावत) की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। वहीं, उनके साथ बाइक पर सवार सुरेश चन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही महिगवां पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुरेश को तत्काल उपचार के लिए 100 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई और फरार चालक की तलाश

पुलिस ने मृतक प्रभात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रैक्टर और टैंकर को पुलिस ने जब्त कर लिया है, हालांकि दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस की टीमें उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

महिगवां पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इस घटना के बाद मृतक के गांव मुसपिपरी में शोक की लहर दौड़ गई है।

Also Read: Barabanki News: मुख्तार के करीबी शूटर शोएब उर्फ बॉबी की हाईवे पर घेराबंदी कर हत्या, 15 राउंड फायरिंग से मची दहशत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.