UP STF ने 4 तस्करों को दबोचा, 92 लाख रुपये का गांजा बरामद
Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने शुक्रवार की रात चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3.70 क्विंटल गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 92.50 लाख रुपये आंकी गई है।
एसटीएफ को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ तस्कर ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर लखनऊ आने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम गुरुवार शाम को गोमतीनगर इलाके में सक्रिय थी। टीम को पता चला कि सुल्तानपुर की ओर से एक ट्रक (नंबर एनएल-01-एए-0511) आ रहा है, जिसमें ओडिशा से गांजा लादा गया है। साथ ही यह भी जानकारी मिली कि ट्रक के आगे-आगे एक बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो चल रही है, जिसमें बैठे लोग ट्रक चालक को पुलिस चेकिंग के बारे में आगाह कर रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद एसटीएफ ने शालीमार बंधा रोड पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक की चेसिस के ऊपर बने प्लेटफॉर्म में गुप्त कैविटी बनाकर उसमें भारी मात्रा में गांजा छुपाया गया था। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, तस्करों ने ट्रक की बॉडी न होने का फायदा उठाया ताकि किसी को शक न हो। आगे चल रही स्कॉर्पियो में मौजूद लोग पुलिस मूवमेंट की सूचना ट्रक चालक को देते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मयंक जायसवाल उर्फ सूरज (बाराबंकी), जीतू श्रीवास्तव उर्फ दद्दा (लखनऊ), पारितोष त्रिपाठी (बिहार) और कुलदीप यादव (नालंदा, बिहार) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 3.70 क्विंटल गांजा (कीमत करीब 92.50 लाख), ट्रक और बिना नंबर की स्कॉर्पियो, 5 मोबाइल फोन व 9300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
तस्करी का तरीका चौंकाने वाला
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के मलखानगिरी से गांजा लाते थे। ट्रक चालक कुलदीप यादव ने बताया कि जीतू श्रीवास्तव के कहने पर वह अब तक 15-20 बार गांजा ला चुका है। तस्करी के दौरान वे अपने मोबाइल नंबर बंद करके केवल इंटरनेट कॉलिंग से संपर्क करते थे।
जीतू श्रीवास्तव ने बताया कि वे लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा और बहराइच में मांग के अनुसार गांजा सप्लाई करते थे। तस्करी से मिले पैसों से उन्होंने एक डाला और एक माइक्रा कार भी खरीदी थी। चारों आरोपियों के खिलाफ थाना गोमतीनगर विस्तार में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Also Read: जम्मू कश्मीर में जैश आतंकी Saifullah बलूची की तलाशी तेज, लगे अलर्ट के पोस्टर

